फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये की हेराफेरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, फर्जी दस्तावेजों और खातों के दुरुपयोगका का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Police crack down on a gang involved in the misappropriation of lakhs of rupees through fraud; misuse of forged documents and accounts exposed; three accused arrested.

फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये की हेराफेरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, फर्जी दस्तावेजों और खातों के दुरुपयोगका का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक शाखा नारायणपुर में हुए बहुचर्चित बैंक धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह मामला बैंक खातों में फर्जी केवाईसी, कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग, निष्क्रिय खातों को फिर सक्रिय कर अवैध निकासी और फर्जी लेन-देन के जरिए कुल ₹30,67,500 (तीस लाख सड़सठ हजार पांच सौ रुपये) की धोखाधड़ी से संबंधित है. इस मामले में थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 21/2026 धारा 316(5), 318(4), 338, 336(3), 340(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत जुर्म दर्ज कर जांच की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक 5 फरवरी 2026 को पंजाब नेशनल बैंक शाखा नारायणपुर के शाखा प्रमुख मनीष कुमार सोनी ने शिकायत में बताया कि बैंक की आंतरिक जांच एवं विशेष ऑडिट के दौरान यह सामने आया कि बैंक में पदस्थ कर्मचारी गोपाल सिंह समुंद ने रिकवरी एजेंट, बी.सी. सेंटर संचालकों तिलकराम मंडावी और रामकरण साहू के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से बैंक खातों में फर्जीवाड़ा किया.
जांच में पाया गया कि कई साल से निष्क्रिय (डॉरमेंट) पड़े खातों को पहले एक-एक रुपये जमा कर फिर सक्रिय किया गया और बाद में खाताधारकों की जानकारी के बिना आधार लिंकिंग, फर्जी केवाईसी और अन्य दस्तावेजों में कूटरचना कर खातों से रकम निकाली गई, ऑडिट में यह भी सामने आया कि 17 अगस्त 2024 से लगातार इस तरह की गतिविधियों केजरिए 18 खातों से करीब ₹8,92,000 की फर्जी निकासी की गई.
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि फर्जी लोगों को कई बी.सी. सेंटरों में ले जाकर खातों से धनराशि निकाली गई. जांच के मुताबिक तिलकराम मंडावी के बी.सी. सेंटर से ₹6,27,700 तथा रामकरण साहू के बी.सी. सेंटर से ₹15,47,800 की निकासी की गई. इसके अलावा धनराशि को खुद और परिचितों के खातों में ट्रांसफर किए जाने के तथ्य भी सामने आए हैं.
अब तक की जांच में बैंक दस्तावेज, खातों से संबंधित अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य अहम् सबूत इकठ्ठा किए जा चुके हैं. और संबंधित लोगों के बायाँ दर्ज किए गए हैं.
मामले में पूर्व में आरोपी तिलकराम मंडावी और गोपाल सिंह समुंद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका है.
जांच के दौरान मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 23 जून 2026 को आरोपी अशोक जैन पिता सुभाष जैन उम्र 30 साल निवासी बंगलापारा नारायणपुर, सुनैना समुंद पिता लोकेश्वर उम्र 24 साल निवासी नयापारा नारायणपुर तथा रामकरण साहू पिता जुगधर साहू उम्र 33 साल निवासी सिंगोड़ीतराई वार्ड नम्बर 5 नारायणपुर को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मामलों से संबंधित बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं. आरोपियों को 23 जून 2026 को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
नारायणपुर पुलिस द्वारा मामले में बाकी सबूतों को इकठ्ठा , गवाहों के ब्यान और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है. मामलों में शामिल दुसरे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t