बालोद में स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
The Tricolour was hoisted with pride in Balod on Independence Day; School Education Minister Gajendra Yadav hoisted the flag and took the salute at the parade.
बालोद : जिला मुख्यालय बालोद में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्ष, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया. स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के साथ परेड की सलामी ली. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया.
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ. मुख्य अतिथि यादव ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े. इसके बाद सशस्त्र बल, पुलिस बल एवं स्कूली विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्चपास्ट, हर्षफायर एवं ‘राष्ट्रपति की जय’ का उद्घोष किया.
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी. मंत्री यादव ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया. साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया.
परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल पुरुष ने प्रथम, नगर सेना महिला ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. परेड जूनियर वर्ग में एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह प्रथम, एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद द्वितीय तथा गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद तृतीय रहे.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालोद ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद ने द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. उत्कृष्ट परेड संचालन के लिए परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा एवं परेड टू आईसी प्रशिक्षु सूबेदार दीपक कुमार को भी सम्मानित किया गया.
समारोह में विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी तादाद में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



