झाड़ियों में छिपा मौत का साया, महुआ बीन रही महिला पर अचानक टूट पड़ा जंगली सूअर, इलाके में दहशत का माहौल, आजीविका का साधन बना जानलेवा
The shadow of death lurks in the bushes, a wild boar suddenly attacks a woman collecting mahua flowers, creating panic in the area, and a means of livelihood turning deadly.
सूरजपुर : सूरजपुर जिला में प्रेमनगर क्षेत्र के जंगलों में इन दिनों महुआ बीनने का काम जहां ग्रामीणों के लिए आजीविका का साधन बना हुआ है. वहीं यह काम अब जानलेवा खतरे में भी बदलता नजर आ रहा है. सुबह एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी.
मिली जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रेमनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रघुनाथपुर निवासी विद्यावती यादव पति रोशन लाल यादव सुबह करीब 11 बजे स्कूल परिसर के पास स्थित नर्सरी क्षेत्र में महुआ बीन रही थीं. सब कुछ सामान्य था. तभी अचानक झाड़ियों में छिपा एक जंगली सूअर तेजी से बाहर निकला और महिला पर हमला कर दिया.
अचानक हुए इस हमले से महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रुप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी. आसपास महुआ बीन रहे ग्रामीणों ने जब यह भयावह नजारा देखा तो फौरन शोर मचाया और हिम्मत जुटाकर किसी तरह सूअर को भगाने का प्रयास किया। ग्रामीणों के शोर से घबराकर जंगली सूअर जंगल की तरफ भाग गया, तब जाकर महिला की जान बच सकी.
घटना के बाद घायल महिला को प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. ग्रामीणों का कहना है कि महुआ सीजन के चलते रोज बड़ी तादाद में लोग जंगलों में जा रहे हैं. लेकिन जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों की वजह से हर दिन खतरा बढ़ता जा रहा है. क्षेत्र में जंगली सूअर, भालू और अन्य वन्य जीवों की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोग सुरक्षित तरीके से अपनी आजीविका चला सकें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



