पेड़ से टकराई अनियंत्रित तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, छात्र-छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत, छात्रा समेत 3 की हालत नाजुक, हादसा CCTV में कैद
Uncontrolled high speed Scorpio collided with a tree, a boy and a girl died on the spot, condition of 3 including a girl is critical, accident was captured on CCTV
अंबिकापुर : अंबिकापुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिल रहा है. अंबिकापुर की तरफ आ रही स्कॉर्पियो कार हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. वहीं 3 की हालत नाजुक है. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरमा के पास की है.
मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले के ग्राम जरिया निवासी जतिन राज कुजूर 19 साल, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रविंद्रनगर निवासी खुशी साहा पिता खगेश 16 साल, सीतापुर निवासी अर्पित बड़ा 18 साल, दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम चिताबहार निवासी सारिका मिंज 17 साल और बैकुंठपुर निवासी अनुपम बड़ा शुक्रवार की रात 9 बजे स्कॉर्पियो नम्बर CG15 EE 9601 में सवार होकर गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी अपने दोस्त सामथ्र्य के घर ग्राम खलिबा जा रहे थे.
वे अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शहर से लगे ग्राम चठिरमा के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. वहीं उसमें सवार वाहन चला रहे जतिन राज कुजूर व छात्रा खुशी साहा की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि सारिका, अनूपम और अर्पित घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए थे.
खबर मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को स्कॉर्पियो से निकालकर शहर के विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया. यहां जतिन और खुशी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
स्कॉर्पियो के पेड़ से टकराने की घटना वहां एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. हादसे के वक्त हल्की बारिश हो रही थी. आवाज सुनकर उक्त घर के लोग बाहर निकले. फिर देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. खबर पर गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा सारिका मिंज का मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं अनुपम और अर्पित बड़ा को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत खतरे से बाहर है. बताया जा रहा है कि सभी स्कूल व कॉलेज के छात्र हैं. वे अंबिकापुर में ही किराये या रिश्तेदारों के घर रहकर पढ़ाई करते हैं.
बताया जा रहा है कि हादसे में मृत छात्रा खुशी साहा अपनी मां के साथ 3 दिन पहले अपने मामा के घर अंबिकापुर के बस स्टैंड इलाके में आई थी. वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी. मां वापस लौट गई थी. जबकि खुशी यही रुकी थी. हादसे में मृत युवक जतिन से उसकी पहचान थी. दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सीतापुर निवासी समर्पण तिर्की की है. जिसे अर्पित लेकर अंबिकापुर आया था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



