life Consecration Ceremony : रामलला के आगमन के साथ पूरी दुनिया में जयश्रीराम, अमेरिका और मेक्सिको में अयोध्या जैसा धाम...
life Consecration Ceremony : अयोध्या में रामलला के आगमन के साथ पूरी दुनिया जयश्रीराम से गूंज रही है। भारत ही नहीं पूरी दुनिया में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उत्साह हैं। त्रिनिदाद एंड टोबैगो में राम जन्मभूमि स्थापना समिति ने ओवरसीज फ्रैंड्स ऑफ राम मंदिर के साथ मिलकर जश्न मनाया। इधर, अमेरिका के न्यूजर्सी में
life Consecration Ceremony : अयोध्या में रामलला के आगमन के साथ पूरी दुनिया जयश्रीराम से गूंज रही है। भारत ही नहीं पूरी दुनिया में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उत्साह हैं। त्रिनिदाद एंड टोबैगो में राम जन्मभूमि स्थापना समिति ने ओवरसीज फ्रैंड्स ऑफ राम मंदिर के साथ मिलकर जश्न मनाया। इधर, अमेरिका के न्यूजर्सी में भारतीयों ने श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके अलावा मिनेसोटा और न्यूयॉर्क में भी जश्न का माहौल है। भारत की ही दुनिया के कई देशों में अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की धूम है। अमेरिका के बड़े शहरों में से न्यूयॉर्क स्थित टाइम्स स्क्वॉयर पर भी भक्तों का जमावड़ा लगा।
खबर है कि मीलों दूर भारत में हो रहीं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर टाइम्स स्क्वायर पर ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ राम मंदिर के सदस्यों द्वारा लड्डू बांटे गए। भारत में इजरायल के राजदूत नाओर गिलोन ने अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भारतवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के इस शुभ अवसर पर भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दुनियाभर के भक्तों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। मैं अयोध्या में राममंदिर के जल्द दर्शन के लिए उत्सुक हूं, यकीनन वह मेरे पास मौजूद इस मॉडल से भी अधिक भव्य और सुंदर होगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने पोस्ट किया था, प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में आमंत्रित महानुभावों के लिए जानकारी: भगवान श्री रामलला सरकार के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में प्रवेश केवल श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा जारी की गई प्रवेशिका के माध्यम ही संभव है। केवल निमंत्रण पत्र से आगंतुकों को प्रवेश सुनिश्चित नहीं हो पाएगा। प्रवेशिका पर बने क्यू आर कोड के मिलान के पश्चात ही परिसर के प्रवेश संभव हो पाएगा। राम नगरी कही जाने वाले उत्तर प्रदेश के अयोध्या में वीवीआईपी मेहमानों का आना रविवार से ही शुरू हो गया था।
करीब 7000 गणमान्य अयोध्या में इस खास समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले ट्रस्ट ने जानकारी दी थी, गर्भ-गृह में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्ण होने के बाद, सभी साक्षी महानुभावों को दर्शन कराया जाएगा। ट्रस्ट के अनुसार, समारोह के अनुष्ठान की सभी प्रक्रियाओं का समन्वय, समर्थन और मार्गदर्शन करने वाले 121 आचार्य होंगे। श्री गणेशवर शास्त्री द्रविड़ सभी प्रक्रियाओं की निगरानी, समन्वय और दिशा-निर्देशन करेंगे, तथा काशी के श्री लक्ष्मीकांत दीक्षित मुख्य आचार्य होंगे।
इकबाल बोले रामलला का आशीर्वाद लें
बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने लोगों से अयोध्या जाकर रामलला का आशीर्वाद लेने की अपील की है। उन्होंने कहा, पूरा देश जश्न मना रहा है। लोगों को भगवान राम का आशीर्वाद लेने के लिए अयोध्या जाना चाहिए। उन्हें मंदिर में सोमवार को होने जा रहे समारोह के लिए भी आमंत्रित किया गया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर हैदराबाद के श्री भाग्य लक्ष्मी मंदिर, चारमीनार में भक्तों ने राम भजन गाया। खास बात है कि सोमवार को होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले ही 16 जनवरी से मंदिर में अनुष्ठान चल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 11 दिनों के अनुष्ठान में जुटे हुए हैं। वह करीब 50 मिनट मंदिर में रहेंगे।
सीएम प्रमोद सावंत ने की पूजा
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राजधानी पणजी में श्री राम की पूजा की। सोमवार को उन्होंने कहा, आज भारत के लिए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह सबसे बड़ा उत्सव है। बड़े उत्साह और धूम-धाम के साथ अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी हो रही है... मैं देशवासियों को इसकी बधाई देता हूं...
कैलाश खेर बोले राम ही लगाएंगे पार
अजी मैं तो राम ही राम भजूं मेरे राम, राम ही पार लगावेंगे, बॉलीवुड के मशहूर गायक कैलाश खेर भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो चुके हैं। इससे पहले उन्होंने अधिकारियों के बीच राम भजन की कुछ पंक्तियां सुनाईं। उनके अलावा विक्की कौशल, आयुष्मान खुराना, माधुरी दीक्षित समेत कई बड़े कलाकार अयोध्या के लिए निकल चुके हैं।
सेना हेलीकॉप्टर से करेगी पुष्प वर्षा
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। खबर है कि आरती के समय सभी अतिथियों के हाथ में घंटी रहेगी। जो आरती के समय सभी अतिथि बजाएंगे। आरती के समय सेना के हेलीकॉप्टर अयोध्या में पुष्प वर्षा करेंगे। परिसर में 30 कलाकार अलग अलग भारतीय वाद्यों का वादन करते रहेंगे। एक समय वे सभी एक साथ वादन करेंगे। ये सभी भारतीय वाद्य होंगे।
इतना भव्य है अयोध्या का राम मंदिर
नागर शैली में तैयार हुए राम जन्मभूमि मंदिर 380 लंबा (पूर्व-पश्चिम), 250 फीट चौड़ा और 161 फीट ऊंचा है। खास बात है कि यह 392 स्तंभों पर टिका है और यहां 44 दरवाजे हैं। मंदिर के कुल तीन तल हैं। कहा जा रहा है कि अंतिम तल 2025 के अंत तक तैयार हो सकता है। मंदिर के लिए कुल तीन मूर्तियां तैयार की गई थीं। अरुण योगीराज की मूर्ति के गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा।
आडवाणी कार्यक्रम में नहीं होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मेहमानों का आगमन शुरू हो गया है। इसी बीच खबरें हैं कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी कार्यक्रम से दूरी बना सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौसम में ठंडक को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। खास बात है कि राम मंदिर आंदोलन के मुख्य चेहरों में से एक रहे आडवाणी 96 वर्ष के हैं।
कड़ाके की सर्दी में जायजा लेने निकले मुख्यमंत्री योगी
प्राण प्रतष्ठित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ रविवार रात अयोध्या की सड़कों पर पैदल ही निकल पड़े। उन्होने ठंड की परवाह किये बगैर 22 जनवरी की तैयारियों का अंतिम निरीक्षण किया और अयोध्या की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने रामलला व हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंच कर दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री ने संघ कार्यालय साकेत निलयम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। इसके बाद श्री योगी ने हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन किये, फिर श्रीराम मंदिर गए और यहां की तैयारियों को देखा।
आठ घंटे बंद रहेंगे गोवा के कैसीनो
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन गोवा के सभी कैसीनों को आठ घंटे बंद रखने का निर्देश प्रशासन की ओर से दिया गया है। कुछ कैसीनो का संचालन करने वाले मैजेस्टिक प्राइड समूह के निदेशक श्रीनिवास नायक ने बताया कि यह निर्णय लिया गया है कि सभी कैसीनो सोमवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखेंगे। गोवा सरकार ने पहले ही राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और स्वायत्त निकायों के लिए सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी है।(एजेंसी)



