धान छोड़ दूसरी फसल लगाने वाले किसानों के लिए बड़ी खबर, कृषक उन्नति योजना में मिलेगा प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तक का फायदा, रजिस्ट्रेशन जरुरी
Big news for farmers switching from paddy to other crops: the 'Krishak Unnati Yojana' offers benefits of up to ₹15,000 per acre; registration is mandatory.
गरियाबंद/देवभोग : किसानों को धान के अलावा अन्य फसलों की ओर प्रोत्साहित करने के मकसद से कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है. योजना के तहत पिछले साल धान की खेती करने वाले और इस साल उसी जमीन पर दूसरी फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया जाएगा.
पिछले साल धान, इस साल दूसरी फसल तो 15 हजार रुपए प्रति एकड़
योजना के मुताबिक ऐसे किसान, जिन्होंने पिछले साल अपनी जमीन पर धान की फसल लगाई थी. लेकिन इस साल उसी जमीन पर धान की जगह पर कोई दूसरी फसल लगाई है, उन्हें 15,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से योजना का फायदा दिया जाएगा.
वहीं ऐसे किसान जिन्होंने पिछले साल भी धान की जगह कोई दूसरी फसल लगाई थी और इस साल भी दूसरी फसल ही लगाई है. उन्हें 10,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से भुगतान किए जाने का प्रावधान है.
योजना का फायदा लेने रजिस्ट्रेशन जरूरी
कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए किसान का एकीकृत किसान पोर्टल में रजिस्ट्रेशन होना जरुरी है. पंजीयन के लिए किसान को उसी सहकारी समिति में जाकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. जहां वह अपना धान बेचता है.
किसानों से अपील की गई है कि वे समय पर संबंधित समिति में पहुंचकर अपना पंजीयन कराएं. ताकि योजना के तहत मिलने वाली सहायता का फायदा लेने में किसी तरह की परेशानी न हो.
कृषि विभाग ने किसानों से की अपील
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ललित यादव ने कहा कि किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि पात्र किसान संबंधित समिति में जाकर एकीकृत किसान पोर्टल पर अपना पंजीयन जरुर कराएं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



