ज्वेलरी कारोबारी से 40 हजार की ठगी का खुलासा, फर्जी बिल देकर गिरवी रखा नकली मंगलसूत्र, 40 हजार नगद और बलेनो कार जप्त, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

Fraud of ₹40,000 against a jeweler solved; fake *mangalsutra* pawned using a forged bill; ₹40,000 in cash and a Baleno car seized; two cunning accused arrested.

ज्वेलरी कारोबारी से 40 हजार की ठगी का खुलासा, फर्जी बिल देकर गिरवी रखा नकली मंगलसूत्र, 40 हजार नगद और बलेनो कार जप्त, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार : नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी व्यवसायी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को जांजगीर-चांपा पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली है.
मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत पामगढ़ स्थित केसर लाल एंड संस ज्वेलरी के संचालक के पास शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार से दो युवक पहुंचे. उन्होंने 50 हजार रुपये की जरूरत बताते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही. दुकान संचालक द्वारा खरीद की रसीद मांगने पर एक युवक ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए कथित खरीद बिल पेश किया. दस्तावेजों पर भरोसा करते हुए व्यवसायी ने मंगलसूत्र को असली सोना मानकर 40 हजार रुपये दे दिया.
रुपये लेकर दोनों युवक वहां से चले गए. कुछ देर बाद जब व्यवसायी ने मंगलसूत्र की जांच कराई तो पता चला कि वह सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स (नकली) आभूषण है. इसके बाद पीड़ित ने पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया गया और बलौदा बाजार में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सोनी उम्र 22 साल निवासी वार्ड नम्बर 9 बलौदा बाजार और अमित सोनी उम्र 42 साल निवासी वैष्णव कॉलोनी, वार्ड नम्बर 21 बलौदा बाजार के रूप में हुई है.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की पूरी 40 हजार रुपये की नकद रकम और घटना में इस्तेमाल बलेनो कार जब्त कर ली. दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आरोपी
1. अमन सोनी पिता गणेश सोनी उम्र 22 साल निवासी वार्ड नम्बर 9, बलौदा बाजार
2. अमित सोनी पिता कृष्ण कुमार सोनी उम्र 42 साल निवासी वार्ड नम्बर 21 वैष्णव कॉलोनी, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदा बाजार
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?