सरकारी स्कूल में छात्राओं को फ्री सेनेटरी पैड देने के बजाए वसूली और स्टूडेंट्स से दुर्व्यवहार, विरोध प्रदर्शन के बाद प्राचार्य समेत 2 व्याख्याता का ट्रांसफर
Instead of providing free sanitary pads to female students in a government school, money was collected from them and they were mistreated; following protests, the principal and two lecturers were transferred.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मल्हार सरकारी स्कूल में छात्राओं को फ्री सेनेटरी पैड देने के बजाए वसूली की गई. स्टूडेंट्स से दुर्व्यवहार की शिकायतें भी जांच में सही पाई गई हैं. जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षिका प्यून से कॉपियां जांचने का काम कराती थी. ऐसे में प्राचार्य समेत 3 शिक्षकों को हटा दिया गया है. उन्हें दूसरे स्कूल भेज दिया गया है.
दरअसल, स्कूल में खराब व्यवस्था, स्टूडेंट्स से दुर्व्यवहार और ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं. सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की गई थी. छात्राओं ने भी कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की थी. इसके बाद जांच में शिकायतें सही पाई गई.
इसके बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल की मंजूरी के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) संदीप पांडेय ने प्राचार्य सहित 3 शिक्षकों को दूसरी जगह भेजने के आदेश जारी किए हैं. 1 अक्टूबर को मल्हार की छात्राओं ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की थी. उन्होंने प्राचार्य वेदप्रकाश शुक्ला, व्याख्याता रश्मि गुप्ता और संजय दुबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर डीईओ संदीप पांडेय ने 3 सदस्यीय जांच टीम बनाई.
7 अक्टूबर को जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट सौंपी. इसमें शिकायतें सही पाई गई. इसके बाद प्राचार्य सहित तीनों शिक्षकों को दूसरी जगह भेजने के आदेश जारी किए गए. जांच में व्याख्याता रश्मि गुप्ता के खिलाफ स्टूडेंट्स से दुर्व्यवहार करने, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच और पढ़ाने का काम प्यून से कराने की शिकायतें सही पाई गई. इसके अलावा पढ़ाई से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी गड़बड़ी मिली.
व्याख्याता संजय दुबे के खिलाफ भी स्टूडेंट्स से दुर्व्यवहार और दूसरी गड़बड़ियों की पुष्टि हुई. जांच टीम ने स्कूल की व्यवस्था सुधारने और पढ़ाई का अच्छा माहौल बनाने के लिए तीनों को दूसरी जगह भेजने की सिफारिश की.
कलेक्टर की मंजूरी के बाद डीईओ ने 9 अक्टूबर को आदेश जारी किए. इसके तहत प्राचार्य वेदप्रकाश शुक्ला को मस्तूरी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कुकुर्दीकेरा, व्याख्याता रश्मि गुप्ता को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी और व्याख्याता संजय दुबे को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखर भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
स्टूडेंट्स की सुरक्षा, स्कूल की व्यवस्था सुधारने और पढ़ाई का अच्छा माहौल बनाने के लिए ये आदेश जारी किए गए हैं. फिलहाल ये आदेश राज्य शासन से तबादले की मंजूरी मिलने की उम्मीद में जारी किए गए हैं. शासन से दूसरी जगह पदस्थ करने का आदेश जारी होने के बाद ये आदेश अपने आप रद्द माने जाएंगे.
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने बताया कि प्राचार्य और दोनों व्याख्याताओं के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) को भेजा गया है. उन्होंने कहा कि गंभीर गड़बड़ियों के मामलों में कार्रवाई करने का अधिकार डीपीआई को है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



