मर्जी के खिलाफ नाबालिग की शादी, परेशान नवविवाहिता ने खाया जहर, पति से कहा-किसी और को प्यार करती हूं, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Minor married against her will; distressed newlywed woman consumes poison, tells husband she loves someone else, dies during treatment

मर्जी के खिलाफ नाबालिग की शादी, परेशान नवविवाहिता ने खाया जहर, पति से कहा-किसी और को प्यार करती हूं, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग नवविवाहिता की जहर सेवन से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवती की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी. इलाज के दौरान अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम नरसिंहपुर निवासी 17 साल की चांदनी जायसवाल की शादी 5 मई को सूरजपुर जिले के ग्राम अखोराकला निवासी वीरेंद्र जायसवाल से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुई थी. शादी के बाद युवती ने अपने पति को बताया कि वह किसी दूसरे युवक को पसंद करती है और यह शादी उसकी इच्छा के खिलाफ कराई गई है.
बताया गया कि यह बात सामने आने के बाद 8 मई को मायके पक्ष के लोग उसे अपने साथ घर ले गए. 15 मई की सुबह युवती घर में अकेली थी. इसी दौरान उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है. परिजन घर पहुंचे और उसे राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि युवती का जशपुर जिले के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उसी से शादी करना चाहती थी. परिजनों ने अलग समाज का होने का हवाला देकर शादी से इंकार कर दिया था. इसके बाद जल्दबाजी में उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी. फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t