गोल बाजार में दिनदहाड़े किसान नेता की बाइक की डिक्की से रुपये से भरा बैग पार, मचा हड़कंप, सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही पुलिस
A bag full of cash was stolen in broad daylight from the storage compartment of a farmer leader's motorcycle in Gol Bazar, causing a stir; the police are currently examining CCTV footage.
धमतरी : धमतरी शहर के व्यस्त गोल बाजार में दिनदहाड़े चोरी की एक घटना सामने आई है. यहां अज्ञात युवक ने किसान नेता लीलाराम साहू की बाइक की डिक्की से 44 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गया. वारदात के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया. खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक किसान नेता लीलाराम साहू 21 अक्टूबर को रत्नाबांधा रोड स्थित इंडियन बैंक से 44 हजार रुपये निकालकर गोल बाजार पहुंचे थे. वे इतवारी बाजार होते हुए खाद-बीज खरीदने गए थे. इसी दौरान जब वे अदरक और धनिया खरीद रहे थे. तभी एक युवक उनकी बाइक के पास पहुंचा और डिक्की में रखा बैग लेकर फरार हो गया.
बैग में 44 हजार रुपये नकद के अलावा बैंक की पासबुक और कई जरुरी दस्तावेज रखे हुए थे. घटना का पता चलते ही लीलाराम साहू ने आसपास युवक की तलाश की. लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला.
वारदात के बाद आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. बताया जा रहा है कि फुटेज में नीली शर्ट-पैंट और टोपी पहने एक युवक बाइक के आसपास मंडराता नजर आ रहा है. फुटेज में युवक बाइक से बैग निकालकर ले जाता हुआ दिखाई देने की बात सामने आई है.
वारदात की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध युवक की पहचान और तलाश शुरू कर दी है. शहर के व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



