पुनर्वास केंद्र में सरेंडर नक्सली की संदिग्ध मौत, बाथरूम में फांसी पर लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस की तफ्तीश तेज
Suspicious death of a surrendered Naxalite at a rehabilitation center; body found hanging in the bathroom. Family members suspect murder; police investigation intensified.
बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुनर्वास केंद्र में ट्रेनिंग ले रहे एक आत्मसमर्पित नक्सली की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. पुलिस को शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है. जबकि मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
बाथरुम में फांसी पर लटका मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक 23 जुलाई 2026 से बीजापुर स्थित पुनर्वास केंद्र में गंगालूर थाना क्षेत्र के कमकानार गांव का निवासी नरसू बोड्डू उर्फ नैती उम्र 26 साल ट्रेनिंग ले रहा था. 21 अक्टूबर की सुबह पुनर्वास केंद्र के बाथरुम में नरसू के फांसी लगाने की खबर मिली. घटना की जानकारी मिलते ही बीजापुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस ने मौके का मुआयना कर जरुरी सबूत जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत की असल वजह का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जल्द घर लौटने वाला था नरसू
मृतक के भाई सतीश कुमार बोड्डू ने नरसू की मौत को लेकर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि नरसू पहले आत्मसमर्पण कर चुका था और इसके बाद घर भी लौट आया था. बाद में उसे ट्रेनिंग के लिए पुनर्वास केंद्र बुलाया गया था.
सतीश के मुताबिक नरसू को जल्द ही केंद्र से छुट्टी मिलने वाली थी. वह घर लौटने को लेकर खुश था. ऐसे में परिजनों को उसकी आत्महत्या की आशंका पर विश्वास नहीं हो रहा है. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के पीछे की असल वजह सामने लाने की मांग की है.
घटना से एक रात पहले भाई से हुई थी बात
सतीश कुमार ने बताया कि घटना से एक रात पहले, 20 अक्टूबर को रात करीब 9:09 बजे उनकी नरसू से फोन पर बातचीत हुई थी. इस दौरान नरसू ने घर-परिवार और बच्चों का हालचाल पूछा था. उसने अगली सुबह फिर बात करने की बात कही थी.
भाई के मुताबिक फोन पर हुई बातचीत के दौरान नरसू ने ऐसी कोई बात नहीं कही थी. जिससे लगे कि वह खुदकुशी जैसा कदम उठा सकता है. इसी वजह से परिवार ने उसकी मौत को लेकर शक जताया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर खुदकुशी की आशंका जताई गई है. लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मौत की असल वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



