होटल में कुत्ते को खाना देने पर विवाद बनी हत्या की वजह, दो कर्मचारियों ने की मारपीट फिर किया चाकू से हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

A dispute over feeding a dog at a hotel led to murder; two employees assaulted the man and then attacked him with a knife. Both accused arrested.

होटल में कुत्ते को खाना देने पर विवाद बनी हत्या की वजह, दो कर्मचारियों ने की मारपीट फिर किया चाकू से हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : ग्रामीण थाना धरसींवा क्षेत्र के सिलतरा फेस-02 स्थित एक होटल में मामूली विवाद के चलते हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रुप ले लिया और चाकू से हमला कर दिया गया. अजय साहू के होटल में हुई इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई. इस मामले में धरसींवा पुलिस ने हत्या के आरोप में दो होटलकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 9 फरवरी 2026 को मृतक शिव प्रसाद धुर्वे उम्र 35 साल निवासी थाडपथर, पोस्ट खेतगांव, पुष्पराजगढ़, जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश) अपने दोस्तों के साथ नशे की हालत में होटल में खाना खाने पहुंचा था. उसी दौरान होटल में कर्मचारी पवन सेन और सागर साहू भी मौजूद थे. बताया जा रहा है कि सागर साहू खाना खाते हुए अपनी थाली में खाना छोड़कर किचन की तरफ़ चला गया था.
इसी बीच शिव प्रसाद धुर्वे ने सागर साहू की थाली में रखे खाने को होटल के बाहर मौजूद कुत्ते को खिलाना शुरु कर दिया. यह देखकर सागर साहू ने आपत्ति जताई और पूछा कि उसकी थाली का खाना कुत्ते को क्यों खिलाया जा रहा है. इस पर शिव प्रसाद धुर्वे ने नशे की हालत में कथित तौर पर कहा कि “खाना खिलाएंगे, क्या कर लोगे.” इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. विवाद के दौरान होटल कर्मचारी पवन सेन और सागर साहू ने शिव प्रसाद धुर्वे के साथ मारपीट की. इसके बाद शिव प्रसाद अपने साथियों के साथ होटल से चला गया.
हालांकि कुछ देर बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा होटल पहुंचा और फिर से विवाद करने लगा. हालात तनावपूर्ण हो गए और झड़प ने हिंसक रुप ले लिया. इसी दौरान होटल कर्मचारी पवन सेन और सागर साहू ने शिव प्रसाद धुर्वे को होटल से घसीटते हुए बाहर निकाला.
चाकू से उसके सीने में वार कर दिया. गंभीर रुप से घायल शिव प्रसाद धुर्वे को उसके साथियों द्वारा इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात की खबर मिलते ही थाना धरसींवा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 103, 351(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस चौकी सिलतरा और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरु की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पवन कुमार श्रीवास और सागर साहू की पतासाजी कर दोनों को हिरासत में लिया.
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है. पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में पवन कुमार श्रीवास उम्र 35 साल, निवासी चिल्हाड़ी पचपेढ़ी, जिला बिलासपुर और सागर साहू उम्र 24 साल, निवासी ग्राम चरोदा, थाना धरसींवा, रायपुर शामिल हैं. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB