एक्टिवा-बाइक की टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक-युवती को कुचला, दोनों की मौत, 3 सड़क हादसों में भाजपा नेता समेत 4 लोगों की गई जान

After a collision involving an Activa and a motorcycle, a speeding trailer ran over a young man and woman, killing both; a total of 4 people, including a BJP leader, lost their lives in 3 separate road accidents.

एक्टिवा-बाइक की टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक-युवती को कुचला, दोनों की मौत, 3 सड़क हादसों में भाजपा नेता समेत 4 लोगों की गई जान

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से एक्टिवा सवार युवती और बाइक सवार युवक की जान चली गई.
मिली जानकारी के मुताबिक कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सवार अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहा भारी वाहन दोनों की तर आया. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक्टिवा सवार युवती भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई. उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया.
सड़क पर हुए इस भीषण हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को दी गई. इसके साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई.
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
दुसरा मामला- उरगा चौक पर ट्रेलर ने बुजुर्ग को कुचला, CCTV में कैद हुआ हादसा
कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में दूसरा हादसा उरगा चौक के पास हुआ. सेमीपाली निवासी कृति नायडू उम्र 65 साल मंगलवार को ATM और किसी काम से उरगा चौक आए थे. काम पूरा करने के बाद वे स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता दिखाई दे रही है. हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की. लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया. पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है. मृतक की उम्र करीब 60 से 65 साल थी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है.
तीसरा मामला- बलरामपुर में भाजपा नेता की बाइक पिलर से टकराई, रास्ते में तोड़ा दम
तीसरा मामला बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र का है. ग्राम कुंडपान के सरपंच पति और भाजपा नेता देवधारी सिंह उम्र 35 साल मंगलवार देर रात करीब 2 बजे रामानुजगंज से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान गांव में लाल बिहारी गुरुजी के घर के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पिलर से जा टकराई. हादसे में उनके सिर और जांघ में गंभीर चोटें आईं.
स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए डिंडो अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाड्रफनगर रेफर कर दिया. हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
भाजपा नेताओं ने जताया दुख
देवधारी सिंह के निधन की खबर से ग्राम कुंडपान और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb