छज्जा तोड़ने के मामूली विवाद ने लिया हिंसक रुप, मारपीट के दौरान एक की गई जान, तीन नाबालिग समेत सात आरोपी गिरफ्तार
A minor dispute over breaking a balcony took a violent turn, one died during the fight, seven accused including three minors arrested
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भीमपुरी में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. मृतक की पहचान साधेलाल नवरंग के रुप में हुई. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शशि नवरंग ने गांव के शासकीय आंगनबाड़ी भवन पर अवैध कब्जा कर लिया था. भवन के पास रहने वाले छेदी नवरंग अपने मकान का निर्माण करवा रहे थे. जिसके चलते उन्होंने आंगनबाड़ी भवन के छज्जे का एक हिस्सा तोड़ दिया. इसी बात को लेकर 4 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे विवाद ने हिंसक रुप ले लिया.
आरोपी सुरेश नवरंग, शशि नवरंग, राजकुमार नवरंग, विनोद नवरंग, पवन नवरंग एवं अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर छेदी नवरंग और उसके परिवारजनों से गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया. इस दौरान बीच-बचाव में आए साधेलाल नवरंग के सिर में गंभीर चोट आई. उन्हें इलाज के लिए लोरमी अस्पताल से सिम्स बिलासपुर ले जाया जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपुर उपाध्याय ने जांच तेज की। पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर सुरेश, राजकुमार, विनोद, पवन नवरंग और तीन अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(2), 190, 191(2), और 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच अभी जारी है और पुलिस मामले के हर पहलु की बारीकी से जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



