रायपुर में रहेजा बिल्डर की साइट पर मजदूर जिंदा दफन, काम के दौरान धंसी मिट्टी, दम घुटने से गई जान, परिजन बोले- बीमारी की खबर दी, जांच में जुटी पुलिस
A worker was buried alive at Raheja Builders' site in Raipur after the soil caved in during work, causing him to die of suffocation. Family members claimed they had reported illness, and police are investigating.
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कचना इलाके में रहेजा सोसाइटी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां काम करने वाले एक कारपेंटर की ऊपरी हिस्से से मिट्टी गिरने के कारण मलबे में दबकर मौत हो गई. हादसे के बाद साइट पर हड़कंप मच गया और काम तत्काल बंद कर दिया गया. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. यह मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कंसट्रक्शन का काम कचना इलाके में रहेजा प्रोजेक्ट की साइट पर चल रहा है. यहां 2 दर्जन से ज्यादा मजदूर काम पर लगे थे. वहीँ झारखंड निवासी गुड्डू रवि उम्र 32 साल सोसाइटी के भीतर कारपेंटर का काम कर रहा था. काम के दौरान वह पास ही स्थित एक नल पर पानी लेने के लिए गया था. इसी दौरान नल के ऊपर स्थित मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और गुड्डू जिंदा दफन हो गया. मलबे के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की. लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. हादसे की खबर मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था. जिसके परिजनों को खबर किया गया. फ़िलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है.
इस मामले में परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें बीमारी की खबर दी गई थी. सच्चाई छिपाई गई. मृतक के शव को लेने के लिए रायपुर पहुंचे उसके भाई पुलेंदर कुमार ने बताया कि एक महीने पहले गुड्डू रवि काम करने के लिए रायपुर आया हुआ था. शनिवार की दोपहर उसकी बात उससे हुई थी. शाम चार बजे जब वो दुकान में था. तो गुड्डू के फोन से दोबारा कॉल आया.
कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि भाई की तबीयत अचानक खराब हो गई है. रायपुर आ जाओ. परिजनों के साथ जब रायपुर के मेकाहारा पहुंचा तो भाई को मृत हालत में पाया. मेकाहारा में लोकल ठेकेदार मिला. जिसने बताया कि मिट्टी के ढेर के नीचे वो दब गया था. इलाज के लिए जब तक उसे अस्पताल पहुंचाते उसने दम तोड़ दिया.
घटनास्थल पर बिल्डर के कर्मचारी तैनात हैं और मीडिया की इंट्री बैन है. खम्हारी प्रभारी आईपीएस मान्सी नानाभाई साकुरे ने बताया कि, हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर जाकर जांच और मर्ग कायम कर पीएम के लिए भेजा है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी. जो भी व्यक्ति दोषी होगा. उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
मृतक के परिजनों ने बताया कि गुडड् रवि की तीन बेटियां है. एक बेटी पांच साल की, दूसरी तीन साल और तीसरी नौ महीने की है. गुड्डू की मौत की जानकारी मिलने पर पत्नी माया देवी बदहवास है. परिजनों ने मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



