मेट्रोमोनियल ऐप पर बताया कुंवारा, शादी का झांसा देकर छात्रा से दुष्कर्म, फिर नौकरी का वादा कर 12 लाख लेकर फरार, आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार
Accused couple arrested: Posing as a bachelor on a matrimonial app, the man raped a female student under the pretext of marriage, then absconded with ₹12 lakh after promising her a job.
बिलासपुर : बिलासपुर में युवक ने मेट्रोमोनियल ऐप के जरिए युवती से दोस्ती की. उसने खुद को अविवाहित बताकर शादी का झांसा दिया और रेप किया. इसके बाद नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे कैश और करीब 12 लाख के सोने-चांदी के गहने ले लिए और फरार हो गया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया है. एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। यह मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है.
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी युवती
मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा निवासी 21 साल की युवती तोरवा क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी. उसकी पहचान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट के जरिए पामगढ़ निवासी पवन कुमार यादव से हुई थी. पवन सरकंडा क्षेत्र में रहता था.
युवती के मुताबिक पवन ने खुद को अविवाहित बताया और शादी का झांसा देकर उसका भरोसा जीता. इसके बाद उसने युवती का दैहिक शोषण किया. बाद में नौकरी लगाने के नाम पर उससे नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले लिया. इनकी कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है.
शिकायत के बाद पत्नी के साथ आरोपी फरार
युवती ने 9 मार्च को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामला दर्ज होने के बाद पवन फरार हो गया. वह अपनी पत्नी नवीता के साथ लगातार ठिकाने बदल रहा था. पुलिस ने पामगढ़ और सरकंडा स्थित उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी. लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा. इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया.
बैंक खाते से मिला बल्लभगढ़ का सुराग
तोरवा पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच शुरू की. जांच के दौरान पवन के ज्यादातर बैंक खाते बंद मिले. वहीं उसकी पत्नी नवीता यादव के एक खाते में लगातार लेन-देन हो रहा था.
पुलिस ने खाते में हुए ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की. इस दौरान हरियाणा के बल्लभगढ़ में राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई. इससे पुलिस को आरोपी के बल्लभगढ़ में छिपे होने का सुराग मिला.
एक रुपए का ट्रांजेक्शन कर पुख्ता किया सुराग
तोरवा टीआई रजनीश सिंह ने खाते से जुड़े सुरागों की पुष्टि के लिए उसमें एक रुपए की राशि भेजी. इसके बाद खाते से जुड़े च्वाइस सेंटर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बल्लभगढ़ में आरोपी की तलाश शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेन-देन से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पवन यादव और उसकी पत्नी नवीता यादव को बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया.
दोनों को जेल भेजा गया
पुलिस ने पवन कुमार यादव उम्र 34 साल निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा और उसकी पत्नी नवीता यादव उम्र 30 साल को गिरफ्तार किया है. दोनों को हरियाणा के बल्लभगढ़ से बिलासपुर लाया गया. 9 अगस्त को दोनों को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



