खेत में काम कर रही महिला पर हाथी का हमला, गंभीर घायल, गड्ढे में गिरने से बची जान, वन विभाग मौके पर पहुंचा वन विभाग का अमला

An elephant attacks a woman working in the field, seriously injuring her; she narrowly escapes falling into a pit. Forest department personnel arrive at the scene.

खेत में काम कर रही महिला पर हाथी का हमला, गंभीर घायल, गड्ढे में गिरने से बची जान, वन विभाग मौके पर पहुंचा वन विभाग का अमला

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के सुखरापारा गांव में शनिवार सुबह एक हाथी ने खेत में काम कर रहीं 60 वर्षीय कमला बाई पर अचानक हमला कर दिया. घटना के समय महिला अपने खेत में सामान्य काम कर रही थीं, तभी झाड़ियों से निकलकर हाथी ने उन्हें निशाना बनाया. हमले में कमला बाई बुरी तरह घायल हो गईं. हालांकि पास ही बने एक बड़े गड्ढे में गिरने से उनकी जान बच गई. ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को दूर भगाया और महिला को अस्पताल पहुंचाया.
हमले की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर हाथियों की लोकेशन ट्रेस किया. अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ी है. जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं. वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और खेतों में अकेले काम न करने की अपील की है.
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के वन क्षेत्र में हाथियों का झुंड दिखाई दे रहा था. लेकिन खेतों के इतने नजदीक आने की संभावना किसी ने नहीं सोची थी. हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है. स्थानीय प्रशासन ने घायल कमला बाई के इलाज की व्यवस्था की है और वन विभाग मुआवजा प्रक्रिया की कार्रवाई शुरु कर रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और रात के समय ग्रामीण इलाकों में पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है. वन विभाग जल्द ही इलाके के संवेदनशील बिंदुओं पर चेतावनी बोर्ड लगाने और जागरुकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t