धान के अलावा इन 3 फसलों की भी होगी सरकारी खरीदी, किसानों को मिलेगा 5205 रुपये तक भाव, पहली बार मार्कफेड खरीदेगा कोदो, कुटकी और रागी
In addition to paddy, three other crops will also be procured by the government, with farmers receiving prices of up to ₹5,205; for the first time, Markfed will procure Kodo, Kutki, and Ragi.
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ में पहली बार कोदो, कुटकी और रागी की सरकारी खरीदी MSP पर होगी. इसके लिए रागी का भाव 5205 रुपये, कुटकी का 3350 रुपये और कोदो का 3200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. किसान इस योजना का फायदा लेने के लिए 30 दिसंबर 2026 तक एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन करा सकते हैं.
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है. अब यहां किसानों को धान के अलावा कोदो, कुटकी और रागी बेचने का भी मौका मिलेगा. इन फसलों की खरीदी पहली बार मार्कफेड के जरिए समर्थन मूल्य यानी MSP पर की जाएगी. इसके लिए जिले में कुछ खरीदी केंद्र भी चुने जाएंगे. सरकार की इस पहल से उन किसानों को फायदा मिल सकता है, जो धान के अलावा दूसरी फसलों की खेती करना चाहते हैं. हालांकि, इस योजना का फायदा लेने के लिए किसानों को 30 दिसंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा.
कोदो, कुटकी और रागी का कितना मिलेगा भाव?
कृषि विभाग ने खरीफ सीजन 2026 के लिए तीनों लघु धान्य फसलों के समर्थन मूल्य तय कर दिए हैं. इनके भाव इस तरह हैं.
रागी का भाव 5205 रुपये प्रति क्विंटल
कुटकी का भाव 3350 रुपये प्रति क्विंटल
कोदो का भाव 3200 रुपये प्रति क्विंटल
इन तय दामों पर खरीदी होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा. अभी तक जिले में इन फसलों की सरकारी खरीदी की ऐसी व्यवस्था नहीं थी. अब मार्कफेड के जरिए चयनित केंद्रों पर किसान अपनी उपज बेच सकेंगे.
30 दिसंबर तक कराना होगा रजिस्ट्रेशन
अगर किसान अपनी कोदो, कुटकी या रागी की फसल सरकारी खरीदी केंद्रों पर बेचना चाहते हैं, तो उन्हें एकीकृत किसान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इसके लिए आखिरी तारीख 30 दिसंबर 2026 रखी गई है. रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी के लिए किसान अपने गांव के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या नजदीकी कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं.
कम पानी में भी हो सकती है इन फसलों की खेती
कृषि विभाग किसानों को धान के साथ दूसरी फसलें उगाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहा है. इसकी वजह यह है कि कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों को धान के मुकाबले कम पानी की जरूरत होती है. ऐसे में जिन किसानों के पास सिंचाई के साधन कम हैं या जहां पानी की कमी रहती है, वहां ये फसलें अच्छा विकल्प बन सकती हैं. इन फसलों की खेती से किसान अपनी पूरी खेती को सिर्फ धान पर निर्भर रखने के बजाय अलग-अलग फसलों में बांट सकते हैं. इससे खेती में जोखिम कम करने और कमाई के नए रास्ते खोलने में मदद मिल सकती है.
सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं मोटे अनाज
कोदो, कुटकी और रागी सिर्फ खेती के लिहाज से ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी खास हैं. इनमें फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. खासकर रागी कैल्शियम का अच्छा स्रोत है. आजकल लोग भी मोटे अनाज से बने खाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. इनसे आटा, बिस्किट और कई दूसरे खाद्य पदार्थ बनाए जाते हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



