विद्युत उपकेंद्र निर्माण के लिए आबंटित जमीन का विरोध, नाराज ग्रामीणों ने आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग किया जाम, महिलाएं भी शामिल

Angry villagers blocked the Arang-Kharora main road, protesting against land allotted for the construction of a power substation, including women.

विद्युत उपकेंद्र निर्माण के लिए आबंटित जमीन का विरोध, नाराज ग्रामीणों ने आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग किया जाम, महिलाएं भी शामिल

आरंग : राजधानी रायपुर के आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुल्लू में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है. सरकारी जमीन पर 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने के फैसले से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरंग-खरोरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया.
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर उपकेंद्र बनाया जाना है. वह गांव के चारागाह के रुप में उपयोग होती है. अगर यहां निर्माण हुआ तो पशुओं के लिए चारे की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी. इसी चिंता को लेकर ग्रामीण जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अगर सरकार उनकी समस्याओं को नहीं सुनेगी. तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड की मांग पर शासन ने करीब 20.97 हेक्टेयर सरकारी जमीन के आबंटन को मंजूरी दी है. इसी आदेश के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है.
प्रदर्शन में बड़ी तादाद में महिलाएं भी शामिल रहीं. जिससे माहौल और भी ज्यादा गंभीर हो गया. चक्काजाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
खबर मिलते ही नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि ग्रामीणों की समस्याओं को सुना जाएगा और समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी. फिलहाल चक्काजाम के चलते इलाके में तनाव का माहौल बना रहा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t