आरंग पुलिस ने कटिंग के लिए मवेशियों को उड़ीसा ले जा रहे मवेशी तस्कर को किया गिरफ्तार, बोलेरो पिकअप वाहन जप्त
Arang police arrested cattle smuggler who was taking cattle to Orissa for slaughtering, Bolero pickup vehicle seized
रायपुर/आरंग : आरंग थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी का मामला पकड़ा है. पुलिस ने मुखबिर की खबर पर एक बोलेरो पिकअप वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा. जिसमें तीन मवेशियों को उड़ीसा ले जाया जा रहा था. वाहन चालक के पास परिवहन के लिए कोई वैध दस्तावेज भी नहीं पाए गए.
आरंग थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (सउनि) ने बताया कि 24 जुलाई की रात को आरक्षक क्रमांक 2658 दीनदयाल सोनवानी एवं आरक्षक क्रमांक 1865 नियाज खान के साथ थाना क्षेत्र में गश्त पर निकले थे. इसी दौरान ग्राम पारागांव के पास एक मुखबिर से खबर मिली कि एक बोलेरो पिकअप नम्बर CG06 GX 5902 में अवैध तरीके से मवेशियों की तस्करी कर उड़ीसा कटिंग के लिए ले जाया जा रहा है.
खबर मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और ग्राम निसदा की तरफ से आने वाले वाहन की घेराबंदी की. इस दौरान साक्षी के रुप में दुर्गेश यादव और अनिल जलक्षत्री को बुलाया गया. कुछ देर बाद वाहन आता दिखाई दिया. जिसे पुलिस देखकर चालक ने वापस मोड़ने की कोशिश की. लेकिन तत्परता से घेराबंदी कर वाहन को रोका गया.
पूछताछ में चालक ने अपना नाम आशीष यादव पिता करण यादव उम्र 24 साल निवासी गुरुद्वारा के पीछे, पंजाबी पारा, वार्ड क्रमांक 13, महासमुंद बताया। उसने कबूल किया कि वह उड़ीसा मवेशी बेचने के लिए ले जा रहा था. जब पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली. तो उसमें कुल 3 मवेशी पाए गए. जिन्हें बिना चारा-पानी और अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था. चालक से मवेशी परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए. लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर वाहन, मवेशी और आरोपी को थाना लाया गया.
आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11, एवं छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. साथ ही बीएनएसएस की धारा 94 के अंतर्गत भी नोटिस दिया गया. पुलिस ने वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया है और मामले की विवेचना जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



