भाजपा की एल्डरमैन सूची ने फोड़ा बगावत का बम, वरिष्ठ कार्यकर्ता निर्मल जीवनानी का इस्तीफा, एक भी महिला को नहीं चुना, सशक्त नेतृत्व का अभाव या अंतर्कलह?
BJP's list of aldermen sparks a rebellion; senior worker Nirmal Jivnani resigns; not a single woman selected—a lack of strong leadership or internal infighting?
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बिलासपुर नगर निगम के 11 एल्डरमैन की लिस्ट जारी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी में असंतोष के स्वर उभरने लगे हैं. लिस्ट को लेकर बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा का आरोप लगाया है. जिसके चलते विरोध और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया.
इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूर्वी मंडल और रेलवे सह प्रभारी निर्मल जीवनानी ने पार्टी के सभी दायित्वों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष को सौंपते हुए आरोप लगाया कि एल्डरमैन नियुक्ति में सालों से पार्टी के लिए काम कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है. उनका कहना है कि हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए एक व्यक्ति को एल्डरमैन बनाए जाने से पुराने कार्यकर्ताओं में नाराजगी है.
निर्मल जीवनानी ने कहा कि अगर इसी तरह मनमाने ढंग से फैसले लिए जाते रहे तो भविष्य में पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें चर्चा के लिए बुलाते हैं तो वे अपनी बात रखने जरूर जाएंगे. एल्डरमैन की लिस्ट को लेकर पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है.
भाजपा की एल्डरमैन की लिस्ट में एक भी महिला को जगह न मिलना महिलाओं का घोर अपमान: सिद्धांशु मिश्रा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा हाल ही में जारी की गई एल्डरमैन की लिस्ट को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है. बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने भाजपा सरकार की इस लिस्ट पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि बिलासपुर जैसे प्रमुख शहर में एक भी महिला को एल्डरमैन के रूप में जगह न देना देश की आधी आबादी का घोर अपमान है. यह भाजपा के कथनी और करनी के अंतर को साफ उजागर करता है.
मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “एक तरफ भाजपा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे लोक-लुभावन नारे देती है और महिला आरक्षण बिल के नाम पर ढिंढोरा पीटती है, वहीं दूसरी तरफ जब महिलाओं को वास्तविक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें प्रतिनिधित्व देने की बात आती है, तो पार्टी उन्हें दरकिनार कर देती है. धरातल पर भाजपा का महिलाओं के प्रति यह उपेक्षापूर्ण रवैया उनके दोहरे चरित्र को प्रदर्शित करता है.”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही देश को पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में श्रीमती इंदिरा गांधी दीं. देश की पहली महिला राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल को बनाने का गौरव भी कांग्रेस को जाता है. देश की प्रथम महिला सांसद और प्रथम महिला विधायक से लेकर बिलासपुर की पहली महिला महापौर श्रीमती वाणी राव को भी कांग्रेस पार्टी ने ही मौका देकर महिलाओं का मान बढ़ाया था.
सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि आज भाजपा की सूची से महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं. बिलासपुर की जनता भाजपा के इस महिला-विरोधी रवैये को देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



