तेज रफ्तार फ्लाई ऐश से लदे ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर किया चक्का जाम

तेज रफ्तार फ्लाई ऐश से लदे ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर किया चक्का जाम

रायगढ़/घरघोड़ा : घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूसल्दा निवासी पिंटू नामक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटा, सड़क पर चक्काजाम कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार फ्लाई ऐश डस्ट से भरा एक ट्रेलर कुडूमकेला बस्ती के आगे डुमरपाली के पास पहुंचा तभी उसने सामने जा रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि पिंटू ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया. जिससे उसके सिर के चीथड़े उड़ गए.
इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. स्थानीय लोगों ने फौरन ट्रेलर को रोका और चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी. देखते ही देखते सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई. और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया.
ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने की वजह से यह घटना घटी है, लेकिन अब तक असल वजह का पता नहीं चल सका है. यह कोई पहली घटना नहीं है जब फ्लाई ऐश डस्ट से लदे ट्रेलरों की लापरवाही ने किसी की जान ली हो. लगातार हो रहे ऐसे हादसों से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
प्रशासन से ग्रामीणों की मांग है कि इस तरह के भारी वाहनों की गति सीमा तय की जाए और ट्रांसपोर्ट कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि बेगुनाहों की जान न जाए.
हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची. लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था. सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक लापरवाही से वाहन चलाने वाले ट्रेलर चालक निर्दोष लोगों की जान लेते रहेंगे? प्रशासन को अब इस समस्या पर सख्त कदम उठाने की जरुरत है. वरना ऐसे हादसे थमने वाले नहीं हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI