पुरानी रंजिश में खुनी खेल, युवक के सिर पर हथौड़ी से वार, पिता ने पकड़ा, बेटे ने दोबारा किया हमला, गला दबाकर मारने की कोशिश, पिता-पुत्र दोनों गिरफ्तार
Bloody act fueled by an old grudge: a young man’s head was struck with a hammer; the father held the victim while the son attacked again and attempted to strangle him—both father and son have been arrested.
बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के मोहतरा गांव में दिनदहाड़े आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और फिर लोहे की हथौड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. वारदात के दौरान आरोपी का पिता भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर युवक को जमीन पर पटककर उसका गला दबाने की कोशिश की. गंभीर रुप से घायल युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर घर पहुंचा. परिजनों ने उसे फौरन अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 21 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे मोहतरा गांव निवासी ओमप्रकाश बंजारे उम्र 23 साल किराना दुकान से गुटखा खरीदकर अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था. इसी दौरान वह गांव के पक्की चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास रुका और रविन्द्र जोशी से बातचीत करने लगा.
बताया गया कि इसी दौरान सतीश बंजारे उम्र 26 साल अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा. आरोपी सतीश और ओमप्रकाश के बीच पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी. इसी बात को लेकर सतीश ने ओमप्रकाश से विवाद शुरु कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए युवक को जान से मारने की धमकी दी.
आरोप है कि विवाद के दौरान सतीश ने अपनी बाइक की डिक्की से लोहे की हथौड़ी निकाली और ओमप्रकाश के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. अचानक हुए हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी बीच आरोपी सतीश का पिता लखन दास बंजारे उम्र 52 साल भी घटनास्थल पर पहुंच गया. लखन दास ने घायल ओमप्रकाश को कसकर पकड़ लिया. इसके बाद सतीश ने एक बार फिर हथौड़ी से उसके सिर पर वार किया.
आरोप है कि पिता-पुत्र ने मिलकर युवक को जमीन पर पटक दिया और उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. हमले के दौरान ओमप्रकाश के सिर के दोनों तरफ गंभीर चोटें आईं. इसके बावजूद उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह आरोपियों के चंगुल से खुद को छुड़ाया और अपनी जान बचाकर घर पहुंचा.
युवक की हालत देखकर परिजन उसे इलाज के लिए साजा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां उसे भर्ती कराया गया. वारदात के बाद पूर्णिमा बंजारे ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू किया. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश और घटना से जुड़े सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरु की.
थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की जांच की गई. पुलिस ने आरोपी सतीश बंजारे और उसके पिता लखन दास बंजारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की हथौड़ी, मोटरसाइकिल और अन्य सबूत जब्त किए हैं. इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की गई. दोनों आरोपियों को 21 नवंबर को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश कर अदालत के आदेश पर आरोपी पिता-पुत्र को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
इस वारदात में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई है. पहले गाली-गलौज और धमकी देने के बाद हथौड़ी से हमला करने और घायल युवक का गला दबाने की कोशिश के आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन जब्त कर लिया है. घायल युवक का साजा के सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया. पुलिस ने मामले में जरुरी वैधानिक कार्रवाई की है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



