CM विष्णु देव साय ने राजिम-रायपुर रेलवे सेवा का हरी झंडी दिखाकर किया उद्घाटन, लोगों को मिली सस्ती और सुलभ रेल सेवा

CM Vishnu Dev Sai inaugurated the Rajim-Raipur railway service by flagging it off, providing affordable and accessible rail service to the people.

CM विष्णु देव साय ने राजिम-रायपुर रेलवे सेवा का हरी झंडी दिखाकर किया उद्घाटन, लोगों को मिली सस्ती और सुलभ रेल सेवा

अभनपुर/राजिम : लंबे इंतज़ार के बाद आज से राजिम-रायपुर रेलवे सेवा का विधिवत शुभारंभ हो गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोपहर 12 बजे राजिम स्टेशन पहुंचकर इस बहुप्रतीक्षित नई मेमू ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया. इस मौके पर उनके साथ मंत्री लखनलाल देवांगन, मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रुप कुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व नपा अध्यक्ष गफ्फू मेमन, नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष  महेश यादव, नवापारा अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
8 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से रेलगाड़ी की सीटी राजिम में गूंजी. जिससे क्षेत्रवासियों में ख़ुशी की लहर है. राजिम से चलकर यह मेमू ट्रेन अभनपुर, नया रायपुर होते हुए रायपुर तक जाएगी, जिससे अब आम नागरिकों की आवाजाही और भी सुविधाजनक हो जाएगी.
रेलवे विभाग द्वारा नई समय सारणी भी घोषित कर दी गई है. जिसे स्टेशन और ऑनलाइन पोर्टल्स पर देखा जा सकता है. इस मौके पर अभनपुर और राजिम क्षेत्र के हजारों नागरिक स्टेशन पर मौजूद रहे और पूरे आयोजन को उत्सव का रुप दिया.
मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि इस नई रेल सेवा से राजिम सहित गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी रायपुर तक सस्ती और किफायती यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा. विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग सहित सभी के लिए यह ट्रेन बहुत उपयोगी साबित होगी. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग, राजिम अब रेल नेटवर्क से जुड़ गया है. ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर का आवागमन अब और अधिक सुगम, सुविधाजनक और किफायती बन गया है.
 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रेलवे की लगभग 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं. वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में करीब 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तीव्र विस्तार और विकास सुनिश्चित हो रहा है.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक किया जाएगा. 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोरों—राजिम और रायपुर—से संचालित होगी. इस ट्रेन में 6 सामान्य श्रेणी के डिब्बे और 2 पावरकार सहित कुल 8 कोच होंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t