कार चालक की लापरवाही, ड्राइवर ने बिना इंडिकेटर दिए मोड़ दी कार, 11 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, बाइक पर बच्ची समेत 4 लोग सवार, परिवार में मातम

Car driver's negligence: Driver turned without signaling, resulting in the tragic death of an 11-year-old child; four people, including the child, were riding the motorcycle; the family is in mourning.

कार चालक की लापरवाही, ड्राइवर ने बिना इंडिकेटर दिए मोड़ दी कार, 11 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, बाइक पर बच्ची समेत 4 लोग सवार, परिवार में मातम

दुर्ग : दुर्ग जिले के खुर्सीडीह-बोरई मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 साल बच्ची हेमलता की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से राजनांदगांव की रहने वाली हेमलता कुछ दिनों से बीमार थी. परिजन उसे बाइक पर बैठाकर सोमनी क्षेत्र के शिकारी टोला ले जा रहे थे. रास्ते में खुर्सीडीह-बोरई मार्ग पर आगे चल रही एक कार के चालक ने अचानक बिना इंडिकेटर दिए वाहन मोड़ दिया. कार के इस अप्रत्याशित मोड़ की वजह से पीछे से आ रही बाइक सीधे कार के दरवाजे से जा टकराई.
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े. हादसे में सबसे ज्यादा चोट हेमलता को लगी. उसके सिर में गंभीर चोट आने से काफी खून बह गया. स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. बाइक पर हेमलता के अलावा उसके पिता सुदामा, मामा कौशल यादव और एक अन्य रिश्तेदार मौजूद थे. जो बाइक चला रहा था. हादसे में बाइक चालक के घुटने में भी चोट आई है और वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक हाल ही में खरीदी गई थी और उस पर अभी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. परिजन दोपहर में नगपुरा स्थित रिश्तेदार के घर से भोजन करने के बाद शिकारी टोला के लिए निकले थे. लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कार नम्बर PB 10 CZ 4495 के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और हादसे में मौत की वजह बनने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरुरत को उजागर कर दिया है. एक छोटी सी लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t