नकली सोने की पत्तियां गिरवी रखकर ज्वेलर्स से 19.32 लाख की ठगी का खेल, पुलिस ने किया अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

Interstate gang busted for swindling jewelers of ₹19.32 lakh by pledging fake gold foils; six accused, including a woman, arrested.

नकली सोने की पत्तियां गिरवी रखकर ज्वेलर्स से 19.32 लाख की ठगी का खेल, पुलिस ने किया अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : नकली सोने की पत्तियों को असली बताकर ज्वेलर्स से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पाटन पुलिस ने पर्दाफाश किया है. आरोपियों ने पहले असली सोना गिरवी रखकर कारोबारी का विश्वास जीता और बाद में नकली सोने की पत्तियां देकर 19 लाख 32 हजार रुपये की धोखाधड़ी की. मामले में पुलिस ने राजस्थान निवासी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 23 नकली सोने की पत्तियां, एक असली सोने की पत्ती, मोटरसाइकिल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल अन्य सामग्री बरामद की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी ने पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 24 सितंबर 2026 को ओमी सिंह और लाखन सिंह नाम बताने वाले दो लोग उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने 180 ग्राम वजन की 18 सोने की पत्तियों को असली सोना बताते हुए गिरवी रखा और बदले में 15 लाख 93 हजार रुपये ले लिए. इसके अलावा आरोपियों ने दुकान से 3 लाख 39 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात भी उधार लिए. इनमें 18 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां और 176.59 ग्राम की एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल थीं.
आरोपियों ने ज्वेलर्स को भरोसा दिलाया कि वे एक हफ्ते के भीतर ब्याज सहित पूरी रकम चुका देंगे और उधार लिए गए जेवरात का पेमेंट भी कर देंगे. निर्धारित समय बीतने के बाद जब आरोपी वापस नहीं पहुंचे और रकम भी नहीं लौटाई तो कारोबारी को शक हुआ. इसके बाद गिरवी रखी गई सोने की पत्तियों की जांच कराई गई.
जांच में सामने आया कि उनमें तकरीबन 10% ही सोना था. जबकि करीब 90% हिस्सा दूसरी धातु का था. इसके बाद व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते थे. ज्वेलर्स का भरोसा जीतने के लिए गिरोह पहले असली सोना गिरवी रखता और समय पर लेन-देन पूरा करता था. भरोसा बनने के बाद ज्यादा कीमत की नकली सोने की पत्तियां गिरवी रखकर बड़ी रकम लेकर फरार हो जाता था.
इसी बीच पुलिस को अर्जुन्दा क्षेत्र में भी इसी तरीके से करीब 25 लाख रुपये की ठगी करने के प्रयास से जुड़ी जानकारी मिली. संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश तेज की। सीसीटीवी फुटेज और दुसरे सबूतों से पुलिस आरोपियों तक पहुंची.
जांच के दौरान जानकारी मिली कि कुछ आरोपी ट्रेन के जरिए फरार होने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद आरपीएफ नागपुर से संपर्क किया गया. आरपीएफ की मदद से ट्रेन से भाग रहे दो महिलाओं और दो पुरुषों को पकड़ा गया.
पुलिस ने इस गिरोह में शामिल राजस्थान के अलवर निवासी श्याम सिंह उर्फ लाखन नायक, गोविन्द नायक उर्फ गिरीराज, प्रहलाद नायक, अर्जुन नायक, राजबती नायक और मंजू नायक को आरोपी बनाया है. आरोपियों के कब्जे से 23 नकली सोने की पत्तियां और एक असली सोने की पत्ती बरामद की गई. इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, नकदी और जुर्म में इस्तेमाल अन्य सामान भी जब्त किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में कितने ज्वेलर्स को इसी तरीके से निशाना बनाया है. आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड, उनके संपर्क और पहले की संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है.
पकड़े गए आरोपियों के नाम
श्याम सिंह उर्फ लाखन नायक उम्र 31 साल निवासी ग्राम कठुमर, वार्ड नम्बर 5, होदवाली मोहल्ला, थाना कठुमर, जिला अलवर, राजस्थान
गोविन्द नायक उर्फ गिरीराज उम्र 39 साल निवासी ग्राम पोस्ट कठुमर, थाना कठुमर, जिला अलवर, राजस्थान
प्रहलाद नायक उम्र 65 साल निवासी चैनपुरा, थाना खेरली, तहसील कठुमर, जिला अलवर, राजस्थान
अर्जुन नायक उम्र 28 साल निवासी थाना चैनपुर, थाना खेरली, तहसील कठुमर, जिला अलवर, राजस्थान
राजबती नायक उम्र 61 साल निवासी चैनपुर, थाना खेरली, तहसील कठुमर, जिला अलवर, राजस्थान
मंजू नायक उम्र 35 साल निवासी ग्राम रेटी, थाना कठुमर, पोस्ट ऑफिस कठुमर, जिला अलवर, राजस्थान
जब्त सामग्री
23 नग सोने की पॉलिश की हुई नकली सोने की पत्तियां
1 नग असली सोने की पत्ती
कुल 24 नग सोने की पत्तियां, प्रत्येक लगभग 10 ग्राम, कुल वजन लगभग 240 ग्राम
01 मोटर साइकिल पैशन प्रो, क्रमांक CG-04-KV-0246
नगदी रकम ₹16,190/-
कमर में बांधने वाली गुप्त कपड़े की 06 नग थैलियां
धर्मचंद रिखवचंद जैन ज्वेलर्स दुकान का कोरा बिल
आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड
हथौड़ी, पेचकस एवं स्क्रूड्राइवर
वाहन का बिक्री पत्र
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb