नवरात्रि में नॉनवेज नहीं बनाने को लेकर बहस, खेत में मिली महिला की जली लाश, आत्महत्या की आशंका, गांव में शोक और तनाव का माहौल

Debate over non-vegetarian food during Navratri, a woman's charred body found in a field, suspected suicide, and an atmosphere of mourning and tension in the village.

नवरात्रि में नॉनवेज नहीं बनाने को लेकर बहस, खेत में मिली महिला की जली लाश, आत्महत्या की आशंका, गांव में शोक और तनाव का माहौल

बलौदाबाजार/पलारी : बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीला में एक विवाहिता महिला की जली हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान डिलेश्वरी कुर्रे पति सुरेंद्र कुर्रे उम्र 27 साल के रुप में हुई है. घटना को लेकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक घर में पारिवारिक विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि घर में आए मेहमानों के लिए नॉनवेज बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी. नवरात्रि पर्व के चलते डिलेश्वरी ने नॉनवेज बनाने से इंकार कर दिया था. जिससे विवाद बढ़ गया.
घटना के समय मृतका का पति, सास और ससुर घर पर मौजूद नहीं थे. पति सुरेंद्र कुर्रे ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब साढ़े 9 बजे अपनी बहन को उनके गांव छोड़ने गए थे. वहीं उनके माता-पिता ग्राम सीतापार में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे. घर पर डिलेश्वरी अपने दो छोटे बच्चों के साथ थी. जिनकी उम्र 6 महीने और 4 साल बताई जा रही है. दोपहर करीब 2 बजे जब सुरेंद्र कुर्रे घर लौटे तो उनकी पत्नी घर पर नहीं मिली. दोनों बच्चे घर में अकेले थे. इसके बाद उन्होंने आसपास खोजबीन शुरु की. इस दौरान ग्रामीणों ने जानकारी दी कि गांव के पास गंगाअमली पेड़ तालाब के पास खेत में एक महिला की जली हुई लाश पड़ी है.
खबर मिलते ही सुरेंद्र मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान अपनी पत्नी डिलेश्वरी के रुप में की. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर जुट गए. घटनास्थल पर मिट्टी के तेल के उपयोग के संकेत मिलने की बात सामने आई है. जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि परिजन और ग्रामीण घटना को लेकर शक भी जता रहे हैं. जिसके चलते पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
इस खबर पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. साथ ही फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया. जिसने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
पलारी थाना के एएसआई राजेश सेन ने बताया कि फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा. बताया जा रहा है कि मृतका की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है. पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB