राजधानी में पिज्जा के चक्कर में डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या, वारदात को अंजाम देेने वाला आरोपी बदमाश पप्पू यादव गिरफ्तार
Delivery boy brutally murdered in the capital for pizza, accused criminal Pappu Yadav arrested for committing the crime
रायपुर : राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से रक्षाबंधन के दूसरे दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां एक पिज्जा डिलिवरी ब्वॉय की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात की खबर मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है. यह मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी देवेन्द्र भोलावे ने थाना डी.डी.नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह सांस्कृतिक भवन के पीछे न्यू चंगोराभाठा अयोध्या नगर रायपुर में रहता है. और करीब 8 साल से पेसिफिक वर्क फोर्स में काम करता है. उसके साथ हेमंत कुमार कोठारी भी काम करता है. जो पेसिफिक वर्क फोर्स में डिलवरी ब्वॉय का काम करता है. 10 अगस्त 2025 को कन्हैया धु्रव निवासी बिजली आफिस के पास चंगोराभाठा के द्वारा पिज्जा का ऑर्डर किया गया था. जिसे प्रार्थी ने हेमंत कुमार को पिज्जा डिलिवरी करने के लिए भेजा था. समय ज्यादा हो जाने पर प्रार्थी ने अपने मोबाईल फोन से हेमंत कुमार के मोबाईल फोन पर सम्पर्क किया. तब एक लड़के ने हेमंत कुमार का फोन को उठाया और बताया कि आपके डिलिवरी ब्वॉय को पप्पु यादव ने चाकू मारकर फरार हो गया है.
डिलिवरी ब्वॉय को एम्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराये हैं. जहां इलाज के दौरान हेमंत कुमार की मौत हो गई. जिस पर आरोपी के खिलाफ थाना डी.डी.नगर में अपराध क्रमांक 335/25 109(1), 103(1) बी.एन.एस. का जुर्म दर्ज किया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के बारे में प्रार्थी सहित आस-पास के लोगों से डिटेल पूछताछ करते हुए मामले में आरोपी पप्पू यादव की पतासाजी करना शुरु किया गया. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया.
टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी पप्पू यादव के छिपने के हर संभावित ठिकानों में रेड कार्यवाही करते हुए वारदात के 2 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा गया. वारदात के बारे में पूछताछ करने पर उसके द्वारा मृतक हेमंत कुमार से हुए विवाद के कारण उसकी हत्या करने की घटना को अंजाम देना कबूल किया गया. जिस पर आरोपी पप्पू यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्यवाही किया गया.
इस कार्यवाही में निरीक्षक एस.एन. सिंह थाना प्रभारी डी.डी.नगर, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, सउनि फूलचंद भगत, प्र.आर. मार्तण्ड सिंह, उपेन्द्र यादव, आर. महिपाल सिंह, किसलय मिश्रा की अहम भूमिका रही.
गिरफ्तार आरोपी
पप्पू यादव पिता नीलू यादव उम्र 23 साल, निवासी बिजली आफिस के पास, चंगोराभाठा, थाना डीडी नगर रायपुर छ.ग.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
हेमंत कोठारी विवाहित था और दो बच्चों का पिता था. वह डिलीवरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी और छोटे-छोटे बच्चे बार-बार बेहोश हो रहे हैं. परिवार ने सरकार से न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की है.
घटना के बाद डीडी नगर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक के परिजनों और मोहल्ले के लोगों में गुस्सा है. उनका कहना है कि राजधानी में दिन-रोजाना जुर्म बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस की गश्त व्यवस्था पुख्ता नहीं है. परिजनों का आरोप है कि अगर मौके पर समय रहते पुलिस पहुंच जाती, तो हेमंत की जान बच सकती थी.
सोमवार शाम हेमंत का अंतिम संस्कार किया गया। इलाके के सैकड़ों लोग उसे अंतिम विदाई देने पहुंचे। हर किसी की आंखों में आंसू थे और जुबान पर बस यही सवाल—"क्या एक छोटी सी टक्कर की इतनी बड़ी सज़ा हो सकती है?" --- यह वारदात एक बार फिर साबित करती है कि गुस्से में लिया गया गलत फैसला न सिर्फ सामने वाले की जान ले सकता है. बल्कि खुद की जिंदगी को भी तबाह कर देता है. इस घटना ने रायपुर के लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
यह घटना राजधानी में बढ़ते अपराध और सड़क पर होने वाली हिंसा की एक और कड़ी है. हाल के महीनों में रायपुर में मामूली विवादों से हत्या और मारपीट के कई मामले सामने आए हैं. नागरिकों का कहना है कि पुलिस को सख्ती से गश्त बढ़ानी चाहिए और आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि अपराधियों के हौसले पस्त हों.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



