आग तापने के विवाद में युवक के सीने-पेट और पीठ पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा मौत के घाट, हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार
Following a dispute over warming oneself by a fire, a young man was killed after being repeatedly attacked on his chest, abdomen, and back with a sharp-edged weapon; two suspects in the murder have been arrested.
बिलासपुर : ठंड से बचने के लिए आग जलाने की तैयारी में लकड़ी तोड़ने जैसी मामूली बात ने ऐसा खूनी रुप ले लिया कि अशोक नगर सरकंडा स्थित अटल आवास में एक युवक की जान चली गई. 17 नवंबर की रात डी-ब्लॉक में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर जानलेवा हमले किए गए. इस हिंसक संघर्ष में 19 साल के मयंक ध्रुव की मौत हो गई. जबकि दूसरे पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 17 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे अटल आवास डी-ब्लॉक की छत पर कुछ लोग ठंड से बचने के लिए आग जलाने के लिए लकड़ियां पटक-पटककर तोड़ रहे थे. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. कहासुनी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्ष नीचे आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया. दोनों तरफ से मारपीट और जान से मारने की धमकियों के बीच धारदार हथियार निकल आए.
एक पक्ष की तरफ से श्रवण ध्रुव की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1691/2026 दर्ज किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी, गोपाल सोनी, भोलू उर्फ विकास मानिकपुरी और सुदामा साहू पर एक राय होकर मारपीट करने का आरोप है. आरोप है कि इसी दौरान आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी ने मयंक ध्रुव पर धारदार हथियार से सीने, पेट और पीठ पर लगातार वार किया. गंभीर रूप से घायल मयंक को फौरन सिम्स अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
खूनी संघर्ष में दूसरा पक्ष भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. विकास मानिकपुरी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1692/2026 के तहत अलग से मामला दर्ज किया है. इस पक्ष की रिपोर्ट में श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव पर गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है. हमले में विकास मानिकपुरी के सिर पर चोट आई. जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू भी धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल हुए हैं. तीनों का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है.
वारदात की खबर मिलने के बाद सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल किया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की.
हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार (23 वर्ष), निवासी अटल आवास क्यू-ब्लॉक अशोक नगर और गोपाल सोनी (19 वर्ष), निवासी अटल आवास डी-ब्लॉक अशोक नगर शामिल हैं. पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. वहीं, घटना में घायल दो अन्य आरोपियों का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है. उनके स्वस्थ होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.
आरोपी
विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार उम्र 23 साल निवासी अटल आवास क्यू-ब्लॉक अशोक नगर थाना सरकंडा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़
गोपाल सोनी उम्र 19 साल निवासी अटल आवास डी-ब्लॉक अशोक नगर थाना सरकंडा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



