डबल मर्डर का खुलासा, जशपुर की सीमा के पास जंगल में मिली लाश, दो सगे भाइयों पर अपनी पत्नियों की हत्या का आरोप, वारदात में इस्तेमाल एंबुलेंस जब्त
Double murder case solved; bodies discovered in a forest near the Jashpur border. Two brothers are accused of murdering their respective wives; the ambulance used in the crime has been seized.
जशपुर : झारखंड के गुमला जिले में दो महिलाओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने शवों को सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में दफना दिया. इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने खुद ही थाने पहुंचकर अपनी पत्नियों की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान शिव शंकर साहू और नवीन साहू के रूप में हुई है. दोनों सगे भाइयों का अपनी-अपनी पत्नियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए कई बार समझौते की कोशिश भी की गई. लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया. सोमवार को दोनों भाइयों का अपनी पत्नियों के साथ एक बार फिर विवाद हुआ. इसके बाद कथित तौर पर दोनों महिलाओं की हत्या कर दी गई.
बच्चों को लेकर थाने पहुंचे आरोपी, दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट
वारदात के अगले दिन दोनों आरोपी अपने नाबालिग बच्चों के साथ गुमला थाने पहुंचे और अपनी पत्नियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. शुरुआत में मामला गुमशुदगी का नजर आया. लेकिन पुलिस को घटनाक्रम संदिग्ध लगा. जांच आगे बढ़ी तो दोनों महिलाओं के पतियों की भूमिका पर शक गहराने लगा.
इसके बाद पुलिस ने शिव शंकर साहू और नवीन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस का दावा है कि शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपी लगातार गुमराह करने की कोशिश करते रहे. लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली. पूछताछ में लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद को वारदात की वजह बताया गया.
वीरू जंगल में दफनाए थे शव, वारदात में इस्तेमाल एंबुलेंस जब्त
आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में तलाशी अभियान चलाया. यहां से दोनों महिलाओं के शव बरामद किए गए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा भेजा गया. पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है.
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. इस दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है. वहीं, लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद का इस तरह खौफनाक अंजाम तक पहुंचना घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



