नशे के खिलाफ औषधि विभाग की छापामार कार्रवाई, कोपरा में चंदन मेडिकल स्टोर के खिलाफ लिया कड़ा एक्शन, अभियान रहेगा लगातार जारी
Drug department's raid against drug addiction, strict action taken against Chandan Medical Store in Kopra, the campaign will continue continuously
गरियाबंद/कोपरा : नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे राष्ट्रीय नार्कोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) अभियान के तहत कोपरा में औषधि विभाग और पुलिस ने संयुक्त रुप से चन्दन मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की. औषधि निरीक्षक गरियाबंद धर्मवीर सिंह ध्रुव और सतीश कुमार सोनी की अगुवाई में किए गए इस औचक निरीक्षण में नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री में अनियमितताएं पाई गई.
अधिकारियों ने बताया कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों में यह अभियान लगातार जारी है. चन्दन मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाए जाने के बाद दुकान संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. औषधि विभाग ने दुकान को सील करने और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरु कर दी है.
स्थानीय पुलिस और औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी दवाओं की बिक्री न सिर्फ कानून के खिलाफ है. बल्कि समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा भी है. NCORD अभियान के तहत मेडिकल स्टोर्स और संदिग्ध स्थानों पर नियमित निरीक्षण और छापेमारी जारी रहेगी.
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील किया कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग की खबर फौरन प्रशासन या पुलिस को दें. साथ ही, मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी दी गई है कि बिना डॉक्टरी पर्ची के नशीली दवाओं की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार को रोकने की दिशा में एक अहम कदम है. औषधि विभाग और पुलिस ने संकल्प लिया है कि ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी. ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



