आस्था के नाम पर धोखाधड़ी, कथावाचक प्रदीप मिश्रा की कथा के नाम पर लाखों की ठगी, SP से की शिकायत, कथा आयोजक दिनेश साहू के खिलाफ FIR दर्ज
Fraud in the name of faith, fraud of lakhs in the name of Katha of storyteller Pradeep Mishra, complaint lodged with SP, FIR registered against Katha organizer Dinesh Sahu.
राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सिहोर वाले प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर एक व्यक्ति ने ‘भोलेनाथ सेवा समिति’ को 21 लाख रुपये का चूना लगा दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति क्षेत्र में पंडित प्रदीप मिश्रा की भव्य शिवपुराण कथा आयोजित कराना चाहती थी. इसके लिए समिति के सदस्य लंबे समय से प्रयास कर रहे थे. इसी बीच उनकी मुलाकात छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू से हुई.
बताया जा रहा है कि आरोपी दिनेश साहू वही व्यक्ति है. जो हर साल अपने गृह ग्राम में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराता रहा है. शिकायतकर्ताओं के मुताबिक दिनेश साहू ने दो किश्तों में नगद रकम ली. और आयोजकों को कथा के लिए कथित रूप से झूठी तारीख दे दी. जब उससे रकम वापस मांगी गई तो वह मुकरने लगा.
समिति अध्यक्ष दीपचंद रजक ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन दिनेश साहू के जरिए होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद समिति के सदस्य उसके गांव पहुंचे और आयोजन को लेकर चर्चा की. दिनेश ने आयोजन के लिए नगद रकम देने को कहा. पहले पांच लाख और बाद में 16 लाख रुपये उसे दिए गए. उसने जल्द कथा की तारीख बताने का भरोसा दिलाया.
कुछ दिनों बाद उसने 8 से 14 मई तक कथा आयोजन की तारीख बताई. लेकिन बाद में जानकारी मिली कि उन दिनों पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम रांची में तय है. तब तक समिति द्वारा बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगवाए जा चुके थे और लोगों को आमंत्रित भी किया जा चुका था.
इसी दौरान समिति को कथित धोखाधड़ी की जानकारी मिली. समिति के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने सिहोर जाकर भी मामले की शिकायत करने की कोशिश की. लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई. इसके बाद दिनेश साहू से रकम वापस मांगी गई. लेकिन वह लगातार टालता रहा.
पुलिस ने आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ अंबागढ़ चौकी पुलिस ने धोखाधड़ी (धारा 420) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
आरोपी दिनेश साहू ने कहा कि समिति ने समय पर पैसा जमा नहीं किया. जिसके चलते कथा रद हुई. उनका कहना है कि उन्होंने रकम अकाउंट में जमा करने के लिए कहा था. लेकिन समिति ने नगद रकम दी. दिनेश साहू ने दावा किया कि वह पैसे वापस कर रहा है और पांच लाख रुपये टेंट वाले के पास जमा हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में उनके चाचा का निधन हो गया था. जिसके कारण वह व्यस्त थे और इसी बीच शिकायत दर्ज करा दी गई.
21 लाख रुपये की बड़ी रकम गंवाने के बाद भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्यों में गहरा आक्रोश है. उन्होंने मांग की है कि आरोपी से पूरी राशि वसूली जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में आस्था के नाम पर कोई इस तरह की हिम्मत न कर सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



