सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, पर्सनल फोटो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 1 लाख रुपए, युवक ने बदनामी के डर से खाया जहर, आरोपी महिला गिरफ्तार
Friendship was made on social media, 1 lakh rupees were demanded by threatening to make personal photos viral, the youth consumed poison due to fear of defamation, accused woman arrested.
जांजगीर-चांपा : जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के एक 21 साल युवक को निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर एक लाख रुपए की मांग करने वाली महिला को पुलिस ने राजनांदगांव से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. पीड़ित युवक का उपचार फिलहाल बिलासपुर के अस्पताल में जारी है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक अकलतरा क्षेत्र निवासी प्रफुल्ल जांगड़े की पहचान सोशल मीडिया के जरिए राजनांदगांव जिले की एक महिला से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद दोस्ती हो गई. आरोप है कि महिला ने युवक की कुछ निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें अपने पास रख ली थीं.
जिसके बाद करीब 12-15 दिनों से महिला युवक को लगातार ब्लैकमेल कर रही थी. वह तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देते हुए एक लाख रुपए की मांग कर रही थी. इतना ही नहीं, आरोपी महिला ने कुछ तस्वीरें युवक के परिजनों के मोबाइल नंबर पर भी भेज दी थीं. लगातार मानसिक दबाव और बदनामी के डर से परेशान होकर युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया.
घटना के बाद युवक को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज जारी है. मामले की जानकारी मिलने पर युवक के पिता ने अकलतरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी महिला की तलाश की.
पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया और अकलतरा थाना लाकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ब्लैकमेलिंग की बात कबूल कर ली. उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया है. जिसमें व्हाट्सएप चैट सहित दुसरे अहम डिजिटल सबूत मिले हैं. पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ BNS की धारा 308 (2) और आईटी एक्ट 67 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



