सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवरात उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने लाखों के माल के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Gang that stole gold and silver jewellery from vacant houses busted; police arrested 4 suspects and sent them to jail, recovering stolen goods worth lakhs.

सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवरात उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने लाखों के माल के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का खमतराई पुलिस ने खुलासा किया है. दशहरा मनाने गांव गए परिवार के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 3.79 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी सीताराम गुप्ता (45 वर्ष), निवासी शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा ने 2 नवंबर 2026 को थाना खमतराई में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
दशहरा मनाने गांव गया था परिवार, पीछे से घर में हुई चोरी
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 19 अक्टूबर 2026 को वह अपने परिवार के साथ दशहरा त्योहार मनाने मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले स्थित अपने मूल गांव खटखरी गया था. इस दौरान घर में ताला लगा हुआ था.
2 नवंबर को जब परिवार वापस लौटा तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला. अंदर जाकर देखने पर आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था. आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थी. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई.
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर की पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई पुलिस ने अपराध क्रमांक 1163/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ की. आरोपियों की तलाश के लिए सिविल पेट्रोलिंग स्टाफ और मुखबिरों को सक्रिय किया गया. लगातार जांच और संदेहियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सागर मलिक, मनीष साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद को हिरासत में लिया.
रॉड से तोड़ा था घर का ताला, जेवर और नगदी आपस में बांटे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की प्लान बनाने की बात कबूल की. आरोपियों के मुताबिक उन्होंने रात के समय रॉड की मदद से मकान का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया. इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी कर आपस में बांट लिया.
3.79 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद
खमतराई पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गवाहों के समक्ष करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नगद बरामद किया. इस तरह कुल तकरीबन 3.79 लाख रुपये का चोरी गया सामान जब्त किया गया. पुलिस ने चारों आरोपियों को 6 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आरोपी
सागर मलिक  पिता रमेश कुमार मलिक उम्र 31 साल निवासी बंजारी नगर, बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर
मनीष साहू पिता गिरवर साहू उम्र 27 साल निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर
राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर पिता कुंभकरण निर्मलकर उम्र 25 साल निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर
चेतन निषाद पिता धनेश कुमार निषाद उम्र 27 साल निवासी पठान संकरी, पलारी, जिला बलौदाबाजार, हाल निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb