गरियाबंद पुलिस का करारा शिकंजा!, ओडिशा से छत्तीसगढ़ में अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़, 85 बोरी धान के साथ मेटाडोर जब्त, मचा हड़कंप

Gariaband police crack down hard! Illegal transport of paddy from Odisha to Chhattisgarh busted; a Matador vehicle seized along with 85 sacks of paddy, causing a stir.

गरियाबंद पुलिस का करारा शिकंजा!, ओडिशा से छत्तीसगढ़ में अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़, 85 बोरी धान के साथ मेटाडोर जब्त, मचा हड़कंप

गरियाबंद/देवभोग : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही ओडिशा से धान लाकर खपाने की कोशिशें सामने आने लगी हैं. सीमावर्ती देवभोग अमलीपदर क्षेत्र में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के सख्त निर्देश पर देवभोग पुलिस ने तेतलखूंटी नाके पर कार्रवाई करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ की तरफ लाया जा रहा 85 कट्टा धान पकड़ा है. धान परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा 407 मेटाडोर वाहन को भी जब्त कर थाना देवभोग में सुरक्षार्थ रखा गया है.
सुबह 8 बजे तेतलखूंटी नाके पर पकड़ी गई धान की खेप
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 8 बजे ओडिशा राज्य से अवैध धान परिवहन की खबर मिली थी. खबर के आधार पर छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित ग्राम तेतलखूटी नाका, देवभोग में जांच की गई. इसी दौरान सफेद रंग के टाटा 407 मेटाडोर वाहन नम्बर OD19 A 5019 को रोककर तलाशी ली गई. वाहन में 85 कट्टा धान लोड मिला।वाहन चालक की पहचान देवराज ग्वाल पिता दयाराम ग्वाल, उम्र 45 साल निवासी गौटियापारा बोड़ेन, थाना बोड़ेन, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) के रुप में हुई है.
दस्तावेज मांगे तो चालक ने लिखित में बताई असमर्थता
पुलिस द्वारा चालक से धान के परिवहन के संबंध में पूछताछ की गई. लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत वैध दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस दिया गया. ड्राइवर ने लिखित रुप से बताया कि उसके पास धान परिवहन से संबंधित कोई कागजात नहीं हैं. इसके बाद पुलिस ने 85 कट्टा धान सहित वाहन को थाना देवभोग लाकर सुरक्षार्थ रखा है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पहले पीटापारा में भी पकड़ी गई थी 40 बोरी धान
देवभोग क्षेत्र में अवैध धान परिवहन का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी राजस्व विभाग ने पीटापारा में कार्रवाई करते हुए ओडिशा से अवैध रूप से लाए जा रहे 40 बोरी धान को जब्त किया था. इस दौरान धान परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन नम्बर OD 08 A 3798 को भी जब्त किया गया था. तहसीलदार सुशील भोई ने कार्रवाई करते हुए जब्त धान और वाहन को थाना देवभोग पुलिस के सुपुर्द किया था. उन्होंने साफ किया था कि अवैध धान परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
धान खरीदी से पहले सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी सतर्कता
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का समय नजदीक आने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी की जरूरत बढ़ गई है. देवभोग विकासखंड ओडिशा राज्य की सीमा से लगा हुआ है. ऐसे में दूसरे राज्य से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका को देखते हुए सीमा से जुड़े रास्तों और नाकों पर जांच अहम हो जाती है. खुटगांव, पीटापारा, खोखसरा, कांदामुड़ा, बरही, उरमाल, इंदागांव, बंधियामाल, दीवानमुड़ा, निष्टिगुड़ा, सिनापाली, घूमरगुड़ा, रोहनागुड़ा, झाखरपारा और तेतलखूंटी सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है.
40 बोरी से 85 कट्टा तक कार्रवाई, अब तस्करों पर कितनी सख्ती?
पीटापारा में 40 बोरी धान की जब्ती के बाद अब तेतलखूटी नाके पर 85 कट्टा धान पकड़े जाने से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध धान परिवहन का मामला फिर सुर्खियों में है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई लगातार जारी रहने के बीच अब निगाहें इस बात पर हैं कि धान खरीदी शुरु होने तक सीमा से लगे रास्तों पर निगरानी कितनी प्रभावी रहती है और अवैध परिवहन की कोशिश करने वालों पर आगे क्या कार्रवाई होती है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb