छत्तीसगढ़ में अवैध नशे का कारोबार, दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी अफीम खेती का खुलासा, भाजपा सरकार पर संरक्षण के आरोप -अमितेश शुक्ल

Illegal drug trade in Chhattisgarh: Opium cultivation exposed in Balrampur after Durg, BJP government accused of patronage - Amitesh Shukla

छत्तीसगढ़ में अवैध नशे का कारोबार, दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी अफीम खेती का खुलासा, भाजपा सरकार पर संरक्षण के आरोप -अमितेश शुक्ल

गरियाबंद/फिंगेश्वर : प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार और अफीम की खेती को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है.
पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले में भी करीब 5 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने का खुलासा हुआ है. जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है.
उन्होंने कहा कि दुर्ग में एक फार्म हाउस के भीतर लगभग 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया था. जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी. आरोप है कि यह खेती स्थानीय प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में की जा रही थी. अब बलरामपुर जिले में भी 5 एकड़ क्षेत्र में अफीम की खेती पकड़े जाने से यह सवाल और गहरा गया है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में अवैध खेती किसके संरक्षण में चल रही है.
अमितेश शुक्ल ने कहा कि अगर प्रशासन सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई करे तो इस तरह के अवैध कारोबार को रोका जा सकता है. लेकिन वर्तमान स्थिति यह दर्शाती है कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार को रोकने की बजाय इसे अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण मिल रहा है. जिसके कारण प्रदेश के युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं.
पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने यह भी कहा कि केवल औपचारिक निलंबन या छोटी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इन अवैध गतिविधियों के पीछे कौन लोग शामिल हैं और किसके संरक्षण में यह सब चल रहा है.
पूर्व मंत्री ने मांग किया कि दुर्ग और बलरामपुर में सामने आए अफीम खेती के मामलों की कड़ी और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ ठोस कदम उठाने में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है. जिसके कारण प्रदेश में नशे का जाल लगातार फैलता जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB