महिला SI पर मोबाइल छीनने-थप्पड़ मारने का आरोप, भाजयुमो कार्यकर्ताओं का थाने में हंगामा, सीनियर अधिकारियों ने कराया समझौता
Female SI accused of snatching a mobile phone and slapping someone; BJYM workers create a ruckus at the police station; senior officers facilitate a compromise.
दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाने में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. कार्यकर्ता पुराने विवाद में दूसरी FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे. आरोप है कि इस दौरान वीडियो बना रहे भाजयुमो मंडल महामंत्री वाशु शर्मा का मोबाइल महिला ट्रेनी SI नेहा भास्कर ने छीन लिया और उन्हें थप्पड़ मार दिया.
इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने थाने में प्रदर्शन शुरु कर दिया. इस दौरान भाजयुमो पदाधिकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई. कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला पुलिसकर्मी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और दूसरी FIR दर्ज करने की मांग की. सीनियर पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. देर रात पुलिस ने दूसरी एफआईआर दर्ज कर ली.
पुराने विवाद में पहले एक पक्ष ने दर्ज कराई थी FIR
मामला 14 अक्टूबर को सिविक सेंटर स्थित उपाध्याय पान ठेले के पास का है. एक पक्ष के वेदांत साहू ने पुलिस को बताया कि वह छात्र है. वह अपने दोस्त प्रणव वर्मा के साथ पुरानी बात को लेकर तुषार सिंह राजपूत से बातचीत करने पहुंचा था. इसी दौरान आर्यन सिंह राजपूत भी वहां आ गया.
आरोप है कि आर्यन, तुषार और उनके एक साथी ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की. वेदांत के मुताबिक मारपीट में उसकी बाईं आंख, चेहरे और दोनों हाथों में चोट आई. झूमाझटकी के दौरान उसकी सोने की चेन भी गिर गई.
घटना के बाद वह अपने पिता एकनाथ अनुपम साहू के साथ थाने पहुंचा और तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
दूसरे पक्ष ने विधायक के दबाव में कार्रवाई का आरोप लगाया
दूसरे पक्ष का कहना है कि कॉलेज के छात्रों के बीच हुए विवाद में वेदांत साहू ने आर्यन राजपूत, प्रणय वर्मा और तुषार सिंह राजपूत के साथ मारपीट की थी. इसके बाद वेदांत ने ही एफआईआर दर्ज करा दी. दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विधायक के दबाव में कार्रवाई की.
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे इसी मामले में दूसरी एफआईआर दर्ज कराने के लिए जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह के नेतृत्व में थाने पहुंचे थे. पुलिस ने पहले जांच करने के बाद कार्रवाई की बात कही. इससे नाराज कार्यकर्ता थाने परिसर में धरने पर बैठ गए.
मोबाइल छीनने और थप्पड़ मारने के आरोप से बढ़ा विवाद
धरने के दौरान गंजपारा मंडल के महामंत्री वाशु शर्मा घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे. भाजयुमो कार्यकर्ताओं का आरोप है कि महिला ट्रेनी SI नेहा भास्कर ने उनका मोबाइल छीन लिया और थप्पड़ मार दिया. इसके बाद थाने के बाहर तनाव बढ़ गया. कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और महिला पुलिसकर्मी से सार्वजनिक रुप से माफी मांगने की मांग की.
हंगामे की खबर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक और आसपास के थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे. थाने में बड़ी तादाद में पुलिस बल भी तैनात किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच के साथ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
भाजयुमो जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है. पुराने विवाद में दूसरी एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया गया.
वहीं, महिला पुलिसकर्मी और कार्यकर्ता के बीच हुए विवाद को भी वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया. इसके बाद प्रदर्शन खत्म हो गया. देर रात दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज कर ली गई.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



