धान खरीदी : 38 कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई, 31 कर्मचारी सस्पेंड, 3 पर FIR, एक बर्खास्त, इधर कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी, 14 राइस मिल में लगी सील
Paddy procurement: Action taken against 38 employees, 31 suspended, FIR against 3, one dismissed; irregularities in custom milling, 14 rice mills sealed
31 कर्मचारी सस्पेंड, 3 पर FIR, एक बर्खास्त
रायपुर : राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी में अनियमितता बरतने पर समिति प्रबंधकों और धान खरीदी से जुड़े 38 कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है. इनमें 31 कर्मचारियों के खिलाफ सस्पेंड और एक को बर्खास्त, दो को सेवा से अलग, एक को काम से अलग और तीन कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराया गया है. ये कार्रवाईयां प्रदेश के 12 जिलों दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद तथा बलौदाबाजार-भाटापारा में की गई हैं.
धान खरीदी कार्य के निरीक्षण और पर्यवेक्षण में स्कंध में कमी के 5 मामले, स्कंध अधिक और अव्यवस्थित स्टेकिंग के 3 मामले, नीति विपरीत कार्य-निर्देशों का उल्लंघन के 4 मामले, अमानक धान खरीदी के 5 मामले, धान खरीदी में अनियमितता के 11 मामले, अवकाश के दिन धान खरीदी के 3 मामले सहित फर्जी खरीदी, अनियमितता, टोकन अनियमितता, बिना आवक पर्ची, अवैध वसूली, अव्यवस्था के एक-एक तथा बारदाना वितरण में अनियमितता के 2-2 मामलों पर कार्रवाई की गई है.
दुर्ग जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के भौतिक सत्यापन में स्कंध गड़बड़ी पाए जाने के पर झीट धान उपार्जन केन्द्र के समिति प्रबंधक सौरभ यादव और गोढ़ी के समिति प्रबंधक शेखर सिंह कश्यप, खिलोराकला के समिति प्रभारी देवदत पटेल, कन्हारपुर के समिति प्रभारी सेवाराम पटेल, ठेंगाभाट के समिति प्रभारी ईश्वर कुमार साहू, मुरमुंदा के समिति प्रभारी टिकेन्द्र कुर्रे को सस्पेंड किया गया है. इसी तरह सेलूद के सहायक समिति प्रबंधक रोमनदास वैष्णव और भृत्य हरिशंकर साहू को नीति के विपरित कार्य और उल्लंघन के मामले में सस्पेंड किया गया है.
बेमेतरा जिले में अमानक धान खरीदी के मामले में धान उपार्जन केन्द्र बोरतरा के प्रभारी सहायक प्रबंधक टिकेश्वर निषाद, फड प्रभारी (लिपिक) किशन जंघेल, गाडाडी धान उपार्जन केन्द्र के प्रभारी समिति प्रबंधक भुनेश्वर वर्मा और फड़ प्रभारी गेंदलाल वर्मा को सस्पेंड किया गया है. वहीं मऊ के सहायक समिति प्रबंधक उमेश कुमार साहू के खिलाफ फर्जी धान खरीदी के मामले में सस्पेंड और FIR की कार्रवाई की गई है.
कबीरधाम जिले में धान उपार्जन केन्द्र कुकदूर के समिति प्रबंधक अनिल बाजपेयी के खिलाफ भौतिक सत्यापन स्कंध में कमी पाए जाने के कारण सस्पेंड के साथ-साथ FIR दर्ज किया गया है. बारदाना वितरण में अनियमितता के कारण चपोरा उपार्जन केन्द्र प्रभारी नरेश यादव को सस्पेंड किया गया है.
बिलासपुर जिले के धान उपार्जन केन्द्र पीपरतराई के प्रभारी तेजुराम को खराब धान खरीदी के मामले में सस्पेंड किया गया है. वहीं धान खरीदी केन्द्र एरमसाही के प्रभारी कामीराम खुंटे के खिलाफ 920 बोरों की कमी पाए जाने पर FIR दर्ज कराया गया है. जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी केन्द्र बोड़सरा के भृत्य हरिहर यादव, कम्प्यूटर ऑपरेटर अमित कुमार तिवारी, चौकीदार निरंजन साहू को छुट्टी के दिन आवक लेने पर सस्पेंड कर दिया गया है. धान उपार्जन केन्द्र कोसमंदा के कम्प्यूटर ऑपरेटर छविलाल मन्नेवार को टोकन में अनियमितता के कारण सस्पेंड किया गया है.
रायगढ़ जिले में धान खरीदी में अनियमितता पर मुकडेगा के सहायक समिति प्रबंधक तेलूराम सिदार, कोडसिया के सहायक समिति प्रबंधक प्रहलाद बेहरा, छाल के सहायक समिति प्रबंधक ठंडाराम बेहरा और जमरगीडीह के सहायक समिति प्रबंधक कृपाराम राठिया को सस्पेंड किया गया है.
सक्ती जिले के धान उपार्जन केन्द्र कांसा के प्रभारी एकलव्य चंद्राकर को बिना आवक पर्ची धान खरीदी के मामले में सेवा से अलग कर दिया गया है. जगदलपुर जिले में कोलचूर प्रभारी समिति प्रबंधक गौतम तिवारी और रेटावण्ड के प्रभारी समिति प्रबंधक दीनबंधु पाणीग्रही को धान खरीदी में अनियमितता पर सस्पेंड किया गया है. रायपुर जिले में नरदहरा के लिपिक ऑपरेटर राकेश जांगड़े को किसानों से अवैध वसूली के मामले में सेवा खत्म की कार्रवाई की गई है.
गरियाबंद जिले में धान खरीदी में लापरवाही एवं अनियमितता के लिए लोहरसी के कर्मचारी संतोष कुमार साहू, मैनपुर के गोपी राम मरकाम को सस्पेंड और शोभा के भीखम मरकाम को कार्य से अलग किया गया है. महासमुंद जिले में धान खरीदी में अनियमितता के मामले में पिरदा के उपार्जन केन्द्र प्रभारी रोहित पटेल और सिंगबहाल के उपार्जन केन्द्र प्रभारी बुध्दिवंत प्रधान के खिलाफ FIR दर्ज कराया गया है. साथ ही धान खरीदी में अव्यवस्था के कारण तोषगांव के उपार्जन केन्द्र प्रभारी नकुल साहू को सस्पेंड किया गया है.
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में धान खरीदी केन्द्र सकरी के प्रभारी समिति प्रबंधक सतीष कुमार महिलांग द्वारा नीति के विपरित कार्य करने पर सस्पेंड किया गया है और बारदाना प्रभारी कुमारी थानेश्वरी साहू को नीति के विपरीत कार्य करने पर सेवा से अलग किया गया है. करमदा के प्रभारी समिति प्रबंधक राजकमल साहू को धान स्कंध में कमी पाए जाने पर सस्पेंड किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी, 14 राइस मिल में लगी सील
मुंगेली : मुंगेली जिले में कस्टम मिलिंग में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर जिला प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले की 14 राइस मिलों को सील करने के साथ ही 12 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जब्त किया है.
गेली जिले में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कई राइस मिलों का औचक निरीक्षण किया. राईस मिलों के जांच में ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग तथा कस्टम मिलिंग में गंभीर गड़बड़ियां पकड़ में आई.
जांच की कार्रवाई में उपलेटा राइस मिल, नवागांव घुठेरा रोड स्थित नेशनल दाल मिल, पंडरिया रोड स्थित वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज तथा नवकार दाल उद्योग में कस्टम मिलिंग में अनियमितता पाई गई. जहां से 12 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जब्त किया गया. नवागढ़ रोड स्थित दीपक राइस इंडस्ट्रीज और दीपक मिलिंग इंडस्ट्रीज में 198 क्विंटल से ज्यादा और लोरमी रोड स्थित एसएस फूड में 1761 क्विंटल से ज्यादा धान की कमी पाई गई.
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 19 राइस मिलों पर कार्रवाई की जा रही है. जिनमें से 14 राइस मिलों को सील किया जा चुका है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



