फर्जी अंकसूची से डाकपाल बनने की साजिश नाकाम, नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, महिला-पुरुष गिरफ्तार, मास्टरमाइंड विनोद फरार
Plot to become postmaster with fake marksheets foiled, man and woman duped of lakhs in the name of job placement, mastermind Vinod absconding
रायगढ़ : फर्जी अंकसूची के जरिए डाकपाल की नौकरी हासिल करने की कोशिश करने वाले सक्ती जिले के एक महिला और एक पुरुष को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले का खुलासा अधीक्षक डाकघर रायगढ़ संभाग द्वारा थाना सिटी कोतवाली में प्रस्तुत आवेदन के बाद हुआ.
आवेदन के मुताबिक जुलाई 2023 में भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाकसेवकों की ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया जारी की गई थी. इस भर्ती में जिला सक्ती के अभ्यर्थी नरेन्द्र कुमार पिता कांशी राम, निवासी बाजार पारा बड़े रबेली मालखरौदा, जिला सक्ती और सोनम साहू पति हरिश साहू, निवासी लंहगाडहर सरवानी बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा ने कक्षा 10वीं की अंकसूची अपलोड कर आवेदन किया था. प्रस्तुत अंकसूची के आधार पर दोनों का चयन क्रमशः रायगढ़ डाक संभाग अंतर्गत बर्रा एवं सुलेसा शाखा में डाकपाल पद के लिए हो गया.
दस्तावेज सत्यापन के दौरान प्रस्तुत अंकसूचियों को संबंधित बोर्ड तमिलनाडु से सत्यापित कराया गया. जहां से मिली रिपोर्ट में साफ किया गया कि उक्त अंकसूचियां बोर्ड द्वारा जारी नहीं की गई हैं. चूंकि ग्रामीण डाकसेवकों की नियुक्ति कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर होती है. इस वजह से फर्जी दस्तावेज पेश करने की पुष्टि हुई. अधीक्षक डाकघर रायगढ़ के आवेदन पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई.
कोतवाली पुलिस ने सक्ती से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया और उनसे पूछताछ की. पूछताछ में उन्होंने बताया कि नौकरी की तलाश के दौरान उनकी पहचान कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर से हुई. जिसने नौकरी लगवाने के नाम पर तीन से साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की. नरेन्द्र कुमार ने उसे ₹3,50,000 दिए, जबकि सोनम साहू ने नियुक्ति के बाद रकम देने की बात कही थी. विनोद राठौर द्वारा उन्हें नकली मार्कशीट उपलब्ध कराई गई. जिसे जानते हुए भी दोनों ने ऑनलाइन आवेदन किया। सत्यापन में फर्जीवाड़ा उजागर होने पर उनकी नियुक्ति निरस्त हो गई.
पुलिस ने आरोपियों से फर्जी अंकसूचियां और असली शैक्षणिक दस्तावेज जब्त किए हैं. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. मामले का मुख्य साजिशकर्ता विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है.
पूरी जांच कार्यवाही एवं गिरफ्तारी में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक सत्यानंद यादव, विरेन्द्र कंवर तथा महिला आरक्षक राधा टोप्पो की अहम भूमिका रही.
गिरफ्तार आरोपी :-
1. नरेन्द्र कुमार पिता स्व कांशी राम चन्द्रा उम्र 33 साल निवासी बाजारपारा बडे रवेली थाना मालखरौदा जिला सक्ती (छ.ग.)
2. सोनम साहू पति हरीश साहू उम्र 29 साल निवासी सरवानी थाना बाराद्वार जिला सक्ती (छ.ग.)
फरार आरोपी - विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



