पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 2 रिटायर्ड EE समेत PWD के 5 अधिकारी गिरफ्तार

Police took major action in journalist Mukesh Chandrakar murder case, 5 PWD officials including 2 retired EEs arrested

पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 2 रिटायर्ड EE समेत PWD के 5 अधिकारी गिरफ्तार

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. पुलिस जांच टीम ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़े पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में दो सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता (EE), एक वर्तमान EE, एक SDO और एक उप अभियंता शामिल हैं. सभी आरोपियों को दो दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और उनसे लगातार पूछताछ जारी है.
बीजापुर एएसपी चंद्रकांत गोवर्ना ने पुष्टि की है कि पत्रकार हत्याकांड के बारे में PWD के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें डी.आर. साहू और वी.के. चौहान नामक दो रिटायर्ड EE, एच.एन. पात्र – तत्कालीन कार्यपालन अभियंता, प्रमोद सिंह कंवर – SDO बीजापुर और संतोष दास – उप अभियंता जगदलपुर शामिल हैं. इससे पहले इस हत्याकांड में तत्कालीन EE बीएल ध्रुव, SDO आरके सिन्हा और उप अभियंता जीएस कोडोपी के नाम FIR में दर्ज किए गए थे.
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव है. एसआईटी जांच भी चल रही है और अब अफसरों से पूछताछ के आधार पर ठेकेदार और अन्य रसूखदारों की भूमिका की जांच तेज हो सकती है.
यह मामला छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर रिपोर्टिंग और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े गंभीर सवाल खड़ा करता है. पत्रकार संगठनों ने दोषियों को जल्द सजा देने की मांग की है.
गौरतलब है कि 1 जनवरी 2025 को मुकेश चंद्राकर अपने घर से निकले थे और फिर लौटकर नहीं आए. 3 जनवरी को उनकी लाश बीजापुर में एक बंद पड़े सेप्टिक टैंक से बरामद हुई थी. इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर को पहले ही पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया था.
मुकेश चंद्राकर एक जुझारु और निडर पत्रकार थे, जो बीजापुर जैसे संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाके से सच को उजागर कर रहे थे. वे सोशल मीडिया और वीडियो पोर्टल के माध्यम से सड़क निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार और गुणवत्ता में गड़बड़ी जैसे मामलों को बेबाकी से उजागर करते थे. अपनी निर्भीक पत्रकारिता के चलते वे ठेकेदारों और कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के निशाने पर आ गए थे. जिसके बाद उनकी निर्मम हत्या कर दी गई.
गिरफ्तार अफसर
डीआर साहू – सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता (EE)
वीके चौहान – सेवानिवृत्त अभियंता
एचएन पात्र – वर्तमान EE
प्रमोद सिंह कंवर – एसडीओ, बीजापुर
संतोष दास – उप अभियंता
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB