दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौके पर मौत, इलाके में शोक की लहर

Tragic road accident: Unidentified vehicle hits motorcycle, three people including two brothers die on the spot, wave of mourning in the area

दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौके पर मौत, इलाके में शोक की लहर

मनेंद्रगढ़ : छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतकों की पहचान अवधेश सिंह पाव उम्र 28 साल और मोनू सिंह पाव उर्फ अखिलेश गुरुवचन पिता गुरु वचन सिंह पाव दोनों निवासी रामानुजनगर तथा श्याम सिंह गोंड उम्र 45 साल पिता गोविंद सिंह गोड़ निवासी ग्राम घाघरा के रुप में हुई है. यह मामला केल्हारी थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक तीनों मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम घाघरा से एक ही मोटरसाइकिल पर किसी काम से निकले थे. काफी देर तक गंतव्य पर नहीं पहुंचने और मोबाइल संपर्क नहीं हो पाने पर परिजनों को चिंता हुई. खोजबीन के दौरान धनहर के पास तिलोखन जंगल क्षेत्र में सड़क किनारे तीनों के शव पड़े होने की खबर मिली. सांसद प्रतिनिधि शमीम अहमद ने अपनी पिकअप में बिना संकोच तीनों शवों को उठाकर केल्हारी सीएचसी पहुंचाया.
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे की खबर मिलते ही केल्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी मनीष धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित मार्गों पर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस दिल दहला देने वाले हादसे से इलाके में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB