जंगली सुअर का शिकार करने के लिए बिछाया जाल, करंट लगने से ग्रामीण युवक ने तोड़ा दम, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार, तलाश जारी
Trap laid to hunt wild boar, rural youth dies due to electric shock, one accused arrested, other absconding, search continues
सरगुजा : जंगली जानवरों का शिकार करने शिकारी विद्युत तार का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसकी चपेट में आने से जानवरों की जान तो जा ही रही है. लेकिन ग्रामीण भी अपनी जान गवां रहे हैं. ताजा मामला सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के पंपापुर गांव से सामने आया है. यहां जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई है.
ग्रामीण की मौत की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की. जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने जंगली जानवरों को फंसाने के लिए खेत में बिजली का तार बिछाया था. जिससे करंट लगने से ग्रामीण की मौत हो गई. पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है. जिनकी तलाश जारी है
थाना दरिमा के मर्ग क्रमांक 19/25 के तहत पुलिस को खबर मिली थी कि शिवनारायण गोंड नामक व्यक्ति 28 जनवरी 2025 को अपने दो भैंसों को बिक्री कर वापस लौट रहा था. लेकिन घर नहीं पहुंचा. परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर 3 फरवरी 2025 को उसका शव करम्हा रोड के पास पुटुस झाड़ियों में मिला. शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया. जिसमें डॉक्टरों ने बताया कि मृतक की मौत बिजली के करंट लगने से हुई.
जांच में सामने आया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए बिजली का नंगा तार जंगल के पगडंडी मार्ग पर बिछा रखा था. जिसके चपेट में आने से शिवनारायण की मौत हो गई. इस आधार पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 21/25, धारा 105 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की गई।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तैनात किए, जिसके बाद सूचना के आधार पर इंद्रकुमार मरकाम (45 वर्ष, निवासी पम्पापुर, थाना दरिमा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. आरोपी ने कबूल किया कि 28 जनवरी को वह अपने साथियों के साथ करम्हा जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए गया था. उन्होंने जानवर फंसाने के लिए फंदा जाल और 11 केवी बिजली खंभे से अवैध तरीके से हुकिंग कर तार बिछाया था.
उसी रात करीब 8 बजे अचानक बिजली के खंभे के पास जोरदार चिंगारी निकली और किसी के “बचाओ-बचाओ” चिल्लाने की आवाज आई। आरोपी जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शिवनारायण गोंड करंट की चपेट में आकर दम तोड़ चुका था। डर के मारे आरोपियों ने फंदा जाल और बिजली के तार हटा दिए और वहां से भाग गए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त जाल फंदा बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ लकड़ा, आरक्षक जगेश्वर बघेल, संजय केरकेट्टा और राज जायसवाल ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शीघ्र ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



