एक ही परिवार के 2 पक्षों में मारपीट, पानी को लेकर कुल्हाड़ी-रॉड से हमला, महिलाओं ने एक-दूसरे को लाठी से पीटा, 9 घायल, इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती
Two members of the same family clashed over water, attacked with axes and rods, and women beat each other with sticks. Nine were injured and were admitted to the district hospital for treatment.
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी को लेकर शुरु हुआ विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों तरफ से डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया. इस घटना में 9 लोग घायल हो गए. जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद भी चल रहा है. दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे. इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच खूनी झड़प हो चुकी है. उस दौरान भी टंगिया से हमला किया गया था. जिसके बाद पुलिस चौकी में समझौता कराया गया था. हालांकि इस बार पानी को लेकर हुआ विवाद पुरानी रंजिश को फिर से भड़का गया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा का है.
पानी भरने पंचायत पहुंचा था परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली बंद थी. बिजली नहीं होने की वजह से पानी की समस्या भी बढ़ गई थी. इसी बीच पानी भरने और टंकी की चाबी को लेकर पंचायत में विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि एक पक्ष ने पानी की टंकी की चाबी देने से इंकार कर दिया. जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई.
जानिए किसने क्या कहा
पहले पक्ष की तरफ से मोनू यादव ने बताया कि उसका चाचा भैंस चराने खेत गया था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के सियाराम, रितेश, नकूल और सहदेव ने मिलकर टंगिया और डंडों से हमला किया. जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके ऊपर भी हमला कर दिया गया. इस हमले में उसके हाथ और कंधे में गंभीर चोट आई है. उसने बताया कि उनके पक्ष के 5 लोग घायल हो गए.
वहीं, दूसरे पक्ष की तरफ से सियाराम की बेटी ने आरोप लगाया कि बिरबल, भगवती, हरखंड, शिवप्रसाद और चेतन उनके घर में घुसकर मारपीट करते हैं. उसने बताया कि गांव में पानी की समस्या के कारण वे पंचायत से चाबी लेकर पानी भरने पहुंचे थे. लेकिन वहां ताला लगा दिया गया. विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर हमला कर दिया गया. उसने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई. परिवार के लोग खेत और खार में थे, वहां जाकर भी हमला किया गया.
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. देर रात पुलिस घायलों का बयान लेने दुर्ग जिला अस्पताल पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं. जेवरा सिरसा चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



