महिलाओं को बनाया निशाना, 7 जगहों पर झपटमारी का खुलासा, पुलिस का बड़ा एक्शन, झपटमार लक्ष्मण गिरफ्तार, 3.60 लाख का सामान बरामद
Women targeted; a series of snatching incidents across 7 locations uncovered; major police action taken—snatcher Laxman arrested, and stolen items worth ₹3.60 lakh recovered.
दुर्ग : दुर्ग जिले में नेशनल हाईवे और व्यस्त सड़कों पर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात की झपटमारी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने जिले के चार थाना क्षेत्रों के सात अलग-अलग स्थानों पर झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख 60 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन, नकदी, दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली मोटरसाइकिल बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण राव पिता एस. सीमांचल राव उम्र 29 साल निवासी डीएमसी तालाब, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रुप में हुई है.
संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष संयुक्त टीम गठित की गई. खुर्सीपार थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने अन्य संबंधित थाना प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर जांच शुरू की.
पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी सबूतों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी लक्ष्मण राव को गिरफ्तार कर लिया.
चार थाना क्षेत्रों में सात वारदातों का खुलासा
आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया था. इनमें शामिल हैं.
खुर्सीपार चौक: तुलसी ट्रेडर्स के सामने मोबाइल और जेवरात की झपटमारी
डबरा पारा ओवरब्रिज: बैग छीनकर नकदी और दस्तावेज ले जाना
पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र: नेशनल हाईवे पर मोबाइल की झपटमारी
जामुल थाना क्षेत्र: नंदिनी रोड पर सोने के जेवरात और नकदी से भरा बैग छीनना
छावनी थाना क्षेत्र: पावर हाउस ओवरब्रिज के ऊपर मोबाइल और नकदी से भरा बैग छीनना
सुपेला थाना क्षेत्र: चंद्रा मौर्य टॉकीज के पास झपटमारी
सुपेला थाना क्षेत्र: ओवरब्रिज के ऊपर एक अन्य वारदात को अंजाम देकर बैंक दस्तावेज, कार्ड और आभूषण छीनना
इन सभी वारदात के बारे में संबंधित थानों में अलग-अलग जुर्म दर्ज किए गए थे.
₹3.60 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल तकरीबन 3 लाख 60 हजार रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है. बरामद सामग्री में शामिल हैं.
एक होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, जिसका उपयो वारदातों में किया जाता था.
5 ग्राम वजन का एक सोने का सिक्का
एक टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र
चार मोबाइल फोन, जिनमें रेडमी और आईक्यूओओ कंपनी के मोबाइल शामिल हैं.
दो बड़े पर्स एवं बैग
1,300 रुपये नकद
राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी कार्ड एवं मेडिकल कार्ड
एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, आईसीआईसीआई और आईडीबीआई सहित विभिन्न बैंकों के एटीएम एवं डेबिट कार्ड
एसबीआई की दो बैंक पासबुक, एक चेकबुक और एक डायरी
आरोपी
लक्ष्मण राव पिता एस. सीमांचल राव उम्र 29 साल निवासी डीएमसी तालाब, कुम्हारी, जिला दुर्ग छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



