चोरों का अनोखा तरीका, बच्ची के झोले में रखा करोड़ों का सोना,150 CCTV फुटेज खंगाल जंगल पहुंची पुलिस, 5 आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
A unique modus operandi by thieves: they stashed gold worth crores in a little girl’s bag. After scouring 150 CCTV clips, the police tracked the trail to a forest; five suspects have been arrested, while three others remain at large.
जगदलपुर : दीपावली की रौनक के बीच पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के जेवरात की उठाईगिरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई महिलाओं ने जिस शातिराना अंदाज में करीब 1200 ग्राम सोने के जेवर से भरा डिब्बा पार किया था. उसने पूरे सराफा बाजार को सकते में डाल दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला फूलो कश्यप पति मासो कश्यप सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि गिरोह के तीन सदस्य अब भी फरार हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1015 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं.
इस वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह ने बाकायदा दो दिन तक मोती ज्वेलर्स की रेकी की थी. दुकान में ग्राहकों की भीड़, कर्मचारियों की गतिविधियों और जेवरात रखने की जगह पर नजर रखने के बाद दीपावली की भीड़ को अपने मंसूबों के लिए इस्तेमाल किया. पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. आखिरकार सुरागों का पीछा करते हुए पुलिस जंगल तक पहुंची, जहां आरोपी छिपे बैठे थे.
दो दिन की रेकी, फिर बच्ची के झोले में पहुंचा करोड़ों का सोना
मिली जानकारी के मुताबिक 7 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे दीपावली के चलते मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई थी. इसी भीड़ का फायदा उठाने के लिए महिला गिरोह बच्चों के साथ ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा. जेवर देखने के बहाने दुकानदार और कर्मचारियों को बातचीत में उलझाया गया. इसी दौरान एक महिला ने काउंटर पर रखा सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठाया और अपने साथ आई बच्ची को थमा दिया. बच्ची ने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया. इसके बाद पूरा समूह सामान्य ग्राहकों की तरह दुकान से बाहर निकल गया. दुकान में रखे करीब 1200 ग्राम सोने के जेवरात गायब होने का पता चलते ही हड़कंप मच गया.
150 CCTV फुटेज खंगाले और जंगल तक पहुंची पुलिस
मामले की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच के लिए CCTV फुटेज को खंगालना शुरू किया. सिर्फ ज्वेलर्स दुकान के कैमरों पर निर्भर रहने के बजाय आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई. करीब 150 CCTV फुटेज की जांच के बाद संदिग्धों की गतिविधियों और वारदात में इस्तेमाल वाहनों के संबंध में अहम सुराग मिले.
स्कॉर्पियो वाहन के जरिए पुलिस की जांच संदिग्धों तक पहुंची. तकनीकी सबूतों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने रायकोट, पथरेली और उड़वा गांव तक जांच का दायरा बढ़ाया. इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई. पुलिस को कुछ आरोपी जंगल में छिपे मिले. जहां से उन्हें पकड़ने में कामयाबी मिली.
मुख्य आरोपी फूलो कश्यप समेत 5 गिरफ्तार, दो की तलाश
इस मामले में मुख्य आरोपी महिला फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है. एक नाबालिग
लड़की के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया गया है. वहीं मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार बताए गए हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1015 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं. चोरी गए जेवरात की कुल मात्रा करीब 1200 ग्राम बताई गई है. ऐसे में बाकी जेवर की बरामदगी और फरार आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है.
महाराष्ट्र कनेक्शन और दूसरे शहरों में वारदातों की भी जांच
इस गिरोह के महाराष्ट्र से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के सदस्यों ने इससे पहले दूसरे शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं. दो दिन की रेकी, महिलाओं और बच्चों का इस्तेमाल तथा त्योहार की भीड़ में करोड़ों के जेवरात पार करने की रणनीति से गिरोह की संगठित गतिविधियों की आशंका गहरा गई है.
फिलहाल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी और 1015 ग्राम सोने की बरामदगी से मामले में बड़ी क्काम्याबी मिली है. लेकिन तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी जेवरात की बरामदगी के बाद ही इस पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



