गंगरेल बांध में डूबा युवक दिल्ली में मिला, धमतरी में मरने की झूठी कहानी, कबीरधाम का आरोपी राजधानी से गिरफ्तार, खुद के मौत की रची साजिश

Youth drowned in Gangrel dam found in Delhi, false story of death in Dhamtari, Kabirdham accused arrested from capital, plotted his own death

गंगरेल बांध में डूबा युवक दिल्ली में मिला, धमतरी में मरने की झूठी कहानी, कबीरधाम का आरोपी राजधानी से गिरफ्तार, खुद के मौत की रची साजिश

धमतरी : धमतरी के गंगरेल बांध में डूबने की खबर से जिस युवक को मृत मान लिया गया था. वह 12 दिन बाद दिल्ली में जिंदा मिला है. युवक ने खुद को डूबा हुआ दिखाने के लिए मोबाइल, कपड़े और चप्पल बांध किनारे छोड़ दिया था. लेकिन अब पुलिस ने उसे दिल्ली से पकड़कर रुद्री थाने लाकर पूछताछ शुरु कर दी है. 
यह मामला रुद्री थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कबीरधाम निवासी हेमंत चंद्रवंशी उम्र 30 साल 24 मई को अपने एक कर्मचारी के साथ गंगरेल आया था और एक रिसॉर्ट में रुका. 25 मई की सुबह वह अंगारमोती के पीछे नहाने गया और इसी दौरान अपने कर्मचारी को सामान लाने भेजकर खुद गायब हो गया. उसने साजिश के तहत अपना मोबाइल फोन, कपड़े और चप्पल वहां छोड़ दिया. ताकि ऐसा लगे कि वह पानी में डूब गया है.
जब उसका कर्मचारी वापस लौटा और हेमंत को वहां न पाकर घबरा गया. उसने फौरन रुद्री पुलिस को खबर दी. पुलिस ने डूबने की आशंका जताते हुए SDRF और गोताखोरों की मदद से पांच दिन तक तलाशी अभियान चलाया. लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
पुलिस ने हेमंत के परिजनों से संपर्क किया और पूछताछ की तो पता चला कि उसका एक और नंबर है. पुलिस ने उस नंबर के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स की जांच शुरु की. कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग से पता चला कि वह दिल्ली में है. कुछ दिन बाद हेमंत ने खुद अपने घरवालों को दूसरे नंबर से फोन कर बताया कि वह सुरक्षित है और कर्ज के बोझ से परेशान होकर भाग गया था.
रुद्री पुलिस ने हेमंत को दिल्ली से ट्रेस कर हिरासत में लिया और धमतरी लाकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक जानबूझकर लोगों और पुलिस को गुमराह करना, फर्जी डूबने की कहानी गढ़ना और सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग करना गंभीर अपराध है. हेमंत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
यह मामला बता देता है कि मानसिक दबाव और कर्ज की चिंता से बचने के लिए लोग किस हद तक जा सकते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB