दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पति और सास-ससुर गिरफ्तार

A newlywed woman, driven to desperation by dowry-related harassment, died by hanging; her husband and parents-in-law have been arrested on charges of subjecting her to physical and mental abuse.

दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पति और सास-ससुर गिरफ्तार

रायगढ़/भूपदेवपुर : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा में एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. मर्ग जांच में पति और सास-ससुर द्वारा मोटरसाइकिल और कार खरीदने के लिए दहेज में दो लाख रुपये मांगने और महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के तथ्य सामने आए हैं. पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
शादी के एक साल बाद शुरू हुई प्रताड़ना
मिली जानकारी के मुताबिक मृतिका नीता पटेल पति राकेश पटेल उम्र 34 साल ग्राम जैमुड़ा की निवासी थी. उसकी शादी करीब तीन साल पहले गांव के ही बंधुराम पटेल के बेटे राकेश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के शुरुआती समय के बाद करीब एक साल से पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल द्वारा कथित तौर पर उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा. आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने और मोटरसाइकिल नहीं मिलने की बात कहकर नीता के साथ विवाद करते थे. इस दौरान उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना भी की जाती थी. इतना ही नहीं, करीब चार-पांच महीने पहले आरोपियों ने कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग की थी. इस मांग को लेकर भी महिला के साथ विवाद और मारपीट किए जाने की बात मर्ग जांच में सामने आई है.
19 अक्टूबर को घर में लगाई फांसी
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर नीता पटेल ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. नवविवाहिता की मौत होने की वजह से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा पंचनामा कार्रवाई कराई गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगाना बताया गया. इसके बाद मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के मायके पक्ष के परिजनों के बयान दर्ज किए. परिजनों के बयानों में पति और सास-ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की जानकारी सामने आई.
जांच के बाद तीनों के खिलाफ FIR
मर्ग जांच में मिले सबूतों और परिजनों के बयानों के आधार पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक ने 4 नवंबर 2026 को आरोपी पति, सास और ससुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने आगे की जांच और कार्रवाई की. पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 7 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में पति, सास और ससुर शामिल
पुलिस ने इस मामले में राकेश पटेल पिता बंधुराम पटेल उम्र 34 साल, बंधुराम पटेल पिता स्व संपतलाल उम्र 56 साल और शांति बाई पटेल पति बंधुराम पटेल उम्र 52 साल को गिरफ्तार किया है. तीनों ग्राम जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ के निवासी हैं. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर भेज दिया गया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb