निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली युवक की लाश, मची अफरा-तफरी, इधर कुरुद के पास महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

A young man's body was found in a building under construction, causing panic. Meanwhile, a woman's body was found near Kurud, causing a stir. Police are investigating both cases.

निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली युवक की लाश, मची अफरा-तफरी, इधर कुरुद के पास महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

कुरुद के पास महिला का शव
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां कुरुद थाना इलाके में एक सूने खेत से 74 साल की बुजुर्ग महिला परबत साहू का सड़ा-गला शव बरामद किया गया. मृतका कुछ दिन पहले अपने ससुराल से मायके जाने की बात कहकर निकली थी. खेत के बीचों-बीच क्षत-विक्षत हालत में लाश मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची.
भैंसबोड़ और सोनपुर गांव के बीच मिला शव, खेत से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को दी खबर
मिली जानकारी के मुताबिक कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले c और सोनपुर गांव के बीच खार (खेतों वाले इलाके) से जब कुछ स्थानीय ग्रामीण अपने काम के सिलसिले में गुजर रहे थे. तभी उन्हें असहनीय बदबू आई. जब उन्होंने करीब जाकर देखा तो धान के खेत में एक महिला की लाश पड़ी हुई थी. ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी खबर कुरुद थाना पुलिस को दी. खबर मिलते ही थाना प्रभारी अवधराम साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव काफी पुराना होने की वजह से सड़ चुका था. इसलिए सबूत जुटाने के लिए रायपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
चार दिन पहले मरौद स्थित मायके जाने के लिए निकली थी बुजुर्ग महिला, रास्ते में ही थम गईं सांसें
कुरुद पुलिस ने जब शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किया तो उसकी पहचान परबत साहू उम्र 74 साल के रूप में हुई. मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग महिला करीब तीन-चार दिन पहले अपने ससुराल से मरौद गांव स्थित मायके जाने के लिए पैदल निकली थी. परिजनों के मुताबिक वह अक्सर बिना किसी सहारे के अकेले ही अपने मायके आया-जाया करती थी. इसलिए किसी ने ज्यादा चिंता नहीं की. लेकिन जब वह चार दिन बाद भी अपने मायके नहीं पहुंची. तो दोनों पक्षों के लोगों ने अपनी तरफ से खोजबीन शुरू की. इसी बीच पुलिस के जरिए उन्हें इस अनहोनी की खबर मिली.
मौत की असल वजह तलाशने में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस अधिकारी इस बात की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि बुजुर्ग महिला की मौत खेत के बीच कैसे हुई. कुरुद थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने के कारण रास्ते में तड़पकर हुई है या फिर इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक वजह है. यह पूरी तरह से पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली युवक की लाश
दुर्ग/भिलाई : सुपेला थाना क्षेत्र के दक्षिण गंगोत्री इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर एक युवक का शव मिला. मृतक की पहचान संजय मनहारे उम्र 30 साल के रुप में हुई है. वह सुपेला के भीम नगर क्षेत्र का निवासी था,
मिली जानकारी के मुताबिक संजय मनहारे निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करता था. वह नशे का आदी था. मंगलवार दोपहर उसके शव मिलने की खबर के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को खबर दी गई.
खबर मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत नशे की हालत में गिरने या किसी अन्य कारण से हुई हो सकती है. हालांकि असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी. घटना के दौरान एक और अप्रत्याशित मामला सामने आया.
जब मृतक के भाई संतोष मनहारे ने मौके पर मौजूद उसके कुछ सामान और दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया. इस घटना ने भी मौके पर मौजूद लोगों को चौंका दिया. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की कमी भी एक बड़ा कारण हो सकती है. जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं. पुलिस ने आसपास के मजदूरों और ठेकेदारों से पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया और मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t