ज्वेलरी व्यापारी की हत्या, दिनदहाड़े गोलीबारी से दहला छत्तीसगढ़, पेंड्रा बंद, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन, पहले गिरफ्तारी बाद में होगा अंतिम संस्कार!
Jewellery trader murdered, Chhattisgarh shaken by firing in broad daylight, Pendra closed, protest by placing body on road, first arrest, then funeral!
गौरेला पेंड्रा मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला पेण्ड्रा मरवाही में गोली चलने से सनसनी फैल गई है. कोटमी गांव के भरे बाजार में मंगलवार को हुई गोलीबारी में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की मौत हो गई है. लूटेरों ने लूट के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी उम्र करीब 50 साल पेशे से ज्वेलरी व्यवसायी (सराफा व्यापारी) थे. वे कोटमी गांव के बाजार में दुकान लगाए हुए थे. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से उन पर हमला कर दिया.
इस वारदात के बाद पेंड्रा और कोटमी में स्थानीय नागरिकों और व्यापारी वर्ग का गुस्सा फूट पड़ा है. वारदात से नाराज परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने जिला अस्पताल में पुलिस के सामने भारी नाराजगी जाहिर की और वहां से शव को लेकर पेंड्रा के दुर्गा चौक पहुंच गए. चौक पर शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया है. प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती. तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. जिसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया.
सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर सर्राफा व्यापारी संगठन और अन्य व्यापारिक संगठनों ने आज पेंड्रा पूरी तरह बंद रखने का ऐलान किया है. जिसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है.
विष्णु सोनी (मृतक के भाई) का बयान- भाई के बैग में करीब 25 किलो चांदी के जेवर और 100-150 ग्राम सोने के सिक्के थे. कुल 65 से 70 लाख रुपए का माल था. बदमाश पूरा बैग लूटकर ले गए. एक भी सामान नहीं बचा.
वारदात से जुड़ी मुख्य बातें
लुटेरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने भीड़भाड़ वाले भरे बाजार में ही व्यवसायी पर कट्टा तान दिया और गोली चला दी. बताया जा रहा है कि लुटेरों ने पहले व्यवसायी से ज्वेलरी (सोने-चांदी के जेवर) लूटे और फिर उन्हें गोली मार दी.
चश्मदीदों के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले तीन लोग थे, जो एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे. वारदात के फौरन बाद आसानी से तीनों मौके से फरार हो गए. गोली लगने के बाद प्रदीप सोनी गंभीर रुप से घायल हो गए. उन्हें आनन-फानन में लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई थी. लेकिन घाव गहरा होने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस जांच में जुटी, नाकेबंदी शुरू
भरे बाजार में मर्डर और लूट की इस वारदात के बाद कोटमी बाजार में अफरा-तफरी मच गई है. वारदात की खबर मिलते ही पुलिस की आला अधिकारी और टीम मौके पर पहुंची. आरोपियों को पकड़ने के लिए जिले के चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई है और पल्सर सवार लुटेरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी स्थिति को संभालने के साथ-साथ परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. इस वारदात ने एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



