मां-बाप की कुल्हाड़ी से हत्या के बाद बोरे में भरी लाश, कमरे में ताला लगाकर बेटा फरार, इलाके में फैली सनसनी, डबल मर्डर के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
After hacking his parents to death with an axe and stuffing their bodies into a sack, the son locked the room and fled; the incident caused a sensation in the area, and the police have arrested the accused in the double murder case.
सरगुजा : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सनसनीखेज माता-पिता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. धौरपुर थाना क्षेत्र में मां और पिता की हत्या कर फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने दोनों की हत्या करने के बाद शवों को बोरे में बांधकर कमरे में बंद कर दिया था और मौके से फरार हो गया था. यह पूरा मामला धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा का है. यहां रहने वाले हीराधर यादव उम्र 55 साल और उनकी पत्नी गुलाबी यादव उम्र 50 साल का शव उनके ही घर के एक कमरे में मिला था। दोनों के शव बोरे में बंद थे. घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात हीराधर यादव अपनी पत्नी गुलाबी यादव और बड़े बेटे जदू यादव उम्र 34 साल के साथ पुराने घर में सो रहे थे. सोमवार सुबह जब घर के दरवाजे बंद मिले तो परिवार के लोगों को शक हुआ. इसके बाद घर की जांच की गई. मृतक दंपती का छोटा बेटा मोहन यादव सुबह दूध लेने के लिए पुराने घर पहुंचा था. उसने देखा कि घर के दोनों दरवाजे बाहर से बंद थे और कुंडी लगी हुई थी. उसने घर में काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ मिलकर अपने माता-पिता और बड़े भाई की तलाश शुरू की. लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.
इसके बाद मोहन और सुकृत ने घर की कुंडी खोलकर अंदर प्रवेश किया. तलाश के दौरान एक कमरे में ताला लगा मिला. जब ताला तोड़कर कमरे को खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. कमरे में बोरे में बंद हीराधर यादव और गुलाबी यादव के शव मिले. घटना की खबर मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जांच के दौरान पुलिस को कमरे की दीवार पर खून के छींटे मिले. वहीं जिस स्थान पर शव मिले थे. वहां ताजा गोबर से लिपाई भी की गई थी.
घटना के बाद से मृतक दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव फरार था. पुलिस को उसी पर हत्या का शक हुआ. पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी. जांच और तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी जदू यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने माता-पिता की हत्या करना कबूल कर लिया.
आरोपी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने टांगी से दोनों पर हमला किया. जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद उसने रात में दोनों शवों को बोरे में बांधकर कमरे में रख दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है. हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. ग्रामीणों के मुताबिक हीराधर यादव गांव के बड़े किसान थे और परिवार के साथ पुराने घर में रहते थे. माता-पिता की हत्या के मामले में बेटे की गिरफ्तारी के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



